शरद पवार से मिलने अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी और ‘इंडिया’ के नेता, परिसीमन विधेयक पर अटकलें तेज
राहुल गांधी, खरगे और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने रविवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की। परिसीमन विधेयक पर राकांपा (शप) के संभावित समर्थन की अटकलें तेज हैं।
मुंबई। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार रात दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचा और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे वक्त हुई है, जब चर्चा है कि, पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक के पक्ष में जा सकती है। विधेयक सोमवार, 30 नवंबर को सदन में पेश किया जाना है। ऐसे में इस मुलाकात पर सबकी नजरें टिकी हैं।
मुंबई एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल पहुंचे नेता
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत प्रतिनिधिमंडल के सदस्य पहले मुंबई हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से सीधे अस्पताल गए। 85 वर्षीय पवार निर्जलीकरण की शिकायत के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी मुंबई नहीं आईं, इसलिए वह अस्पताल में प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद नहीं थीं। वह विपक्षी नेताओं के साथ द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई गई थीं। हवाई अड्डे पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने ‘इंडिया’ के नेताओं की अगवानी की।
कल लोकसभा में पेश होगा विधेयक
आठ सांसदों वाली राकांपा (शप) ने विधेयक के समर्थन के संकेत दिए हैं। यह विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा। पार्टी ने अब तक आधिकारिक रुख साफ नहीं किया है, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले कई मौकों पर इशारा कर चुकी हैं कि उन्हें समर्थन से परहेज नहीं है। दूसरी ओर, सुले के भतीजे और पार्टी विधायक रोहित पवार ने उन्हें खुला पत्र लिखकर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
इससे पहले रविवार को ‘इंडिया’ के नेता विधेयक पर अपनी चिंताएं रखने के लिए चेन्नई में स्टालिन से मिले थे। हालांकि, स्टालिन ने साफ कहा कि, उनकी पार्टी का रुख तमिलनाडु पहले का है और राज्य की राजनीतिक ताकत को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखने का एकमात्र रास्ता विधेयक का समर्थन करना है। द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं, यानी संसद के दोनों सदनों को मिलाकर पार्टी के कुल 30 सांसद हैं।
केंद्र सरकार का दावा- मिल चुका है 371 सदस्यों का समर्थन
केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक लाने वाली है। इसमें हर राज्य और केंद्र-शासित प्रदेश के लिए लोकसभा सीटों और विधानसभाओं की सदस्य संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाकर महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही सीटों के नए आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने की बात भी कही गई है।
उधर, केंद्र सरकार की ओर से दावा किया गया है कि, उसे लोकसभा के 371 सदस्यों का समर्थन मिल चुका है। यह आंकड़ा संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत से काफी ज्यादा है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








