Lucknow Acid Attack: शादी से इनकार पर खौफनाक हमला, युवती पर फेंका तेजाब, माता-पिता को चाकू से गोदा
Lucknow Acid Attack: लखनऊ के हुसैनगंज में शादी से इनकार करने पर युवक ने युवती के घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया। बचाने आए माता-पिता पर भी चाकू से हमला किया। तीनों घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है।
Lucknow Acid Attack: लखनऊ में एकतरफा सनक का खौफनाक मामला सामने आया है। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के घर में घुसकर उस पर तेजाब से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता को भी हमलावर ने चाकू मारकर घायल कर दिया। तीनों घायलों को इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वारदात हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बरफ खाना मोहल्ले की है।
देर रात घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 3 बजे की है। आरोपी कथित तौर पर चोरी-छिपे युवती के घर में दाखिल हुआ और उस पर तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। बेटी को बचाने के लिए उसके माता-पिता आगे आए तो आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में युवती और उसके माता-पिता तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी से इनकार बना हमले की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चीख-पुकार सुनकर जमा हुए स्थानीय लोग, आरोपी को दबोचा
घर से उठती चीखों और शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए। घर के भीतर का मंजर देखकर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए पड़ोसियों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी, जिससे वह भी चोटिल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






