Mann Ki Baat 140th Episode: युवाओं के नशे से लेकर साइबर ठगी तक PM मोदी ने छेड़े कई मुद्दे, पढ़ें पूरी डिटेल्स
Mann Ki Baat 140th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140वें मन की बात कार्यक्रम में नशे की लत, संचार साथी पोर्टल, साइबर सुरक्षा और बिहार म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर चर्चा की।
Mann Ki Baat 140th Episode: रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें संस्करण के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों, लोगों की उपलब्धियों और देश के सामने खड़ी चुनौतियों पर अपनी बात रखी।
युवाओं को सतर्क रहने का संदेश दिया?
कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने नशे की लत को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए युवाओं को इसके प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर दुनिया में पहचान बना रहे हैं। उनके पास बड़े सपने हैं और उन्हें साकार करने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, नशे की आदत युवाओं के भविष्य और उनके लक्ष्यों के रास्ते में बड़ी बाधा बन सकती है।
साइबर ठगी रोकने में 'संचार साथी' की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 'संचार साथी' पोर्टल के जरिए साइबर ठगी की घटनाओं को रोकने में मदद मिल रही है। इस पहल से देशभर में कई संस्थाएं जुड़ी हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करने में सहयोग कर रही हैं।
1,600 से ज्यादा संस्थाएं पोर्टल से जुड़ीं
पीएम मोदी के मुताबिक, देश के बैंक, पेमेंट ऐप, टेलीकॉम कंपनियां और पुलिस के साथ-साथ 1,600 से अधिक संस्थाएं संचार साथी पोर्टल से जुड़ चुकी हैं। इस साझा व्यवस्था के कारण साइबर धोखाधड़ी की कोशिशों को समय रहते पहचानना और उन्हें रोकना आसान हुआ है।
5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान बचाया
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस सिस्टम की मदद से अब तक 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित आर्थिक क्षति को टालने में सफलता मिली है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संचार साथी ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों के लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
आम लोग भी कर सकते हैं इस्तेमाल
पीएम मोदी ने संचार साथी को डिजिटल सुरक्षा की दिशा में उपयोगी पहल बताते हुए लोगों को इसके प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। इस ऐप के जरिए मोबाइल उपयोगकर्ता साइबर सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसका उद्देश्य मोबाइल और डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल को अधिक सुरक्षित बनाना है।
दुनिया के शीर्ष 10 संग्रहालयों में शामिल हुआ बिहार म्यूजियम
'मन की बात' के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "...पटना स्थित 'बिहार संग्रहालय' (बिहार म्यूजियम) को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों में 9वां स्थान मिला है। इस सूची में, 'बिहार संग्रहालय' पूरे एशिया में पहले स्थान पर है।"
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






