सपा ने SSR के लिए 11 सीटों पर घोषित किए PDA प्रभारी, बड़ौत से लेकर कालपी तक जिम्मेदारी तय
यूपी में SSR अभियान के बीच सपा ने 11 विधानसभा सीटों पर PDA प्रभारी घोषित किए। उधर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने BLA की कम भागीदारी पर चिंता जताते हुए दलों से सक्रियता बढ़ाने की अपील की।
पार्टी ने संगठन को धार देने के लिए नियुक्त किए विधानसभा प्रभारी
चुनाव आयोग ने BLA की सुस्ती पर जताई चिंता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के बीच समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश के 11 विधानसभा क्षेत्रों में PDA विधानसभा प्रभारी घोषित किए हैं। माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा ने यह कदम उठाया है।
किस सीट पर किसे मिली जिम्मेदारी
घोषित सूची के मुताबिक, बड़ौत से सुरेंद्र तोमर, लोनी से अनिल कसाना और गाजियाबाद से अभिषेक गर्ग को प्रभारी बनाया गया है। नोएडा की जिम्मेदारी मुकेश शर्मा को, जबकि हाथरस की कमान रामनारायण काके को सौंपी गई है।
इसके अलावा अखिलेश यादव की अगुवाई वाली पार्टी ने सादाबाद से देवेंद्र अग्रवाल, छाता से लोकमणि जादौन और मांट से संजय लाठर को प्रभारी नियुक्त किया है। बाह से कृष्णा वर्मा निषाद, तिलहर से रोशनलाल वर्मा और कालपी से श्रीराम पाल को जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की अपील
दूसरी ओर, SSR अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक फॉर्म-6 के जरिए भरे गए 10.39 लाख आवेदनों में बीएलए ने महज 6 हजार फॉर्म ही भरवाए हैं। यह कुल आवेदनों का करीब 0.6 फीसदी है।
इस स्थिति पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राजनीतिक दलों से अपने बीएलए को और सक्रिय करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
16 दिसंबर तक कर सकेंगे दावे और आपत्तियां
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी प्रविष्टि में सुधार के लिए दावे और आपत्तियां 16 दिसंबर तक स्वीकार की जाएंगी, जो लोग अपना नाम जुड़वाना चाहते हैं या अपनी जानकारी में सुधार कराना चाहते हैं, वे इस अवधि के भीतर निर्धारित फॉर्म भरकर अपने दावे और आपत्तियां जमा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि, उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना सभी दलों के लिए अहम माना जा रहा है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






