बीडीए उपाध्यक्ष ने किया ग्रेटर बरेली योजना का निरीक्षण, ठेकेदारों को दी कड़ी चेतावनी
बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने रविवार को ग्रेटर बरेली आवासीय योजना का निरीक्षण किया। सड़क के सैंपल लैब भेजे गए और धीमी गति पर दो ठेकेदार फर्मों को कड़ी चेतावनी दी गई।
हर कार्य की बारीकी से की जांच, सड़क के सैंपल भेजे लैब
बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हर परिवार को अपना घर उपलब्ध कराने के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने रविवार को भी ग्रेटर बरेली आवासीय योजना का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आवास, सड़क, पार्क एवं विद्युतीकरण के कार्यों की एक-एक कर बारीकी से जांच की तथा कार्य में ढिलाई बरतने पर दो ठेकेदार फर्मों को कड़ी चेतावनी दी।
आवासों के निर्माण की गुणवत्ता परखी
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) एवं निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। ठेकेदारों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी लेकर उन्होंने निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने योजना की 45 मीटर एवं 30 मीटर चौड़ी सड़कों का निरीक्षण कर स्वयं सड़क की मोटाई जांची और गुणवत्ता परीक्षण के लिए सैंपल प्रयोगशाला भिजवाए। संबंधित अभियंताओं एवं कार्यदायी संस्था को कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए।
धीमी गति पर ब्लैकलिस्ट करने की दी चेतावनी
इसके बाद उपाध्यक्ष ने ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के सेक्टर-1, 7, 8 एवं 11 परियोजनाओं में पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया। सेक्टर-7 में सेंट्रल पार्क के निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ठेकेदार फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कड़ी चेतावनी दी। विद्युतीकरण कार्य में ढिलाई पर भी ठेकेदार को फटकार लगाई। जहां भी कमियां मिलीं, वहां उन्होंने मौके पर ही अभियंताओं को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि प्राधिकरण की सभी आवासीय योजनाओं में आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जा रहा है, ताकि आमजन को समय पर बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








