सवा साल बाद सीएम से मिले बृजभूषण शरण सिंह, अगले दिन गोंडा पहुंचे मुख्यमंत्री, तेज हुई सियासी हलचल
करीब सवा साल बाद बृजभूषण शरण सिंह ने लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात की। यूपी चुनाव 2027 से पहले इस भेंट के सियासी मायने जानिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब करीब सवा साल के अंतराल के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत चली। इस मुलाकात के अगले ही दिन सीएम योगी गोंडा पहुंचे। मुलाकात के बाद से ही इसके सियासी मायनों पर चर्चा शुरू हो गई है।
बृजभूषण शरण सिंह ने बताया शिष्टाचार भेंट
गोंडा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह उनके साथ नजर आए। इस मौके पर गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह और बहराइच के सांसद आनंद कुमार गौड़ भी मौजूद रहे।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
हालांकि बृजभूषण शरण सिंह ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। उनका कहना है कि, वे सीएम योगी की माता जी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने गए थे, जो हमारी परंपरा भी रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में कोई माफिया नहीं है और प्रदेश अपराध मुक्त है।
अहम मानी जा रही मुलाकात
चुनाव से पहले तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच इस मुलाकात को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में बृजभूषण के प्रभाव वाली सीटों को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी ने भाजपा को हरा दिया था। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
पिछले लोकसभा चुनाव में महिला पहलवानों से जुड़े विवाद के चलते भाजपा ने बृजभूषण को टिकट नहीं दिया था। पार्टी ने उनके बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज से उम्मीदवार बनाया, जो फिलहाल सांसद हैं।
गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह के कई बयान समय-समय पर चर्चा में रहे हैं। सीएम योगी, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को लेकर दिए गए उनके बयानों ने भी सियासी पारा चढ़ाया था।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







