विशेष अभियान दिवस पर भोजीपुरा पहुंचे DM, BLO को दिए निर्देश, कहा- 'कोई भी पात्र नागरिक न छूटे'
बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विशेष अभियान दिवस पर भोजीपुरा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से न छूटे।
18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के दिए निर्देश
ग्रामवासियों व कामगारों को भी मतदाता बनने और मतदाता सूची में शामिल होने के लिए किया जागरूक
मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करें अधिकारी एवं बीएलओ
बरेली। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
इन मतदान केन्द्रों पर किया भ्रमण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड भोजीपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय पिपरिया, प्राथमिक विद्यालय घंघोरा पिपरिया, प्राथमिक विद्यालय घंघोरा घंघोरी,भारत इंटर कॉलेज ,पीपलसाना चौधरी सहित अन्य मतदान केंद्रों का भ्रमण किया।
उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों तथा नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
खुद डीएम ने की लोगों से बात
उन्होंने मौके पर उपस्थित बीएलओ से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के आवेदन नियमानुसार प्राप्त कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने खुद घरों में जाकर लोगों से वोट बने होने के संबंध में जानकारी ली और लोगों को वोट बनवाने हेतु प्रोत्साहित किया।उन्होंने निरीक्षण के दौरान बी एल ओ के सर्वे रजिस्टर को भी चेक किया।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय घांघौरा घंघोरी विकास खण्ड भोजीपुरा विधान सभा भोजीपुरा में एसएसआर० के तहत मतदेय स्थल का भ्रमण किया तत्समय ग्रामवासियों एवं कामगारों से भी वोट बनवाने की अपील की।
विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि, ग्राम में कार्यरत समस्त कामगारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित कर उनका मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जाए, जिन पात्र कामगारों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कामगारों को मतदान के महत्व एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही संबंधित बीएलओ एवं ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र कामगार मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहने पाए।
हर पात्र का नाम हो मतदाता सूची में
जिलाधिकारी ने कहा कि, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर निर्धारित अभियान दिवसों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उनके नाम सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके साथ ही मृतक, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं से संबंधित प्राप्त सूचनाओं का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा नाम हटाने से संबंधित प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए।
गंभीरता से दायित्त्वों का निर्वहन करें बीएलओ
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने में शुद्ध मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं तथा अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं










