ट्रेन में यात्रियों का सामान उड़ाता था कोच अटेंडेंट, बरेली जंक्शन पर जीआरपी-आरपीएफ ने दबोचा
बरेली जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल और पर्स चुराने वाले कोच अटेंडेंट जसबीर को गिरफ्तार किया। दो मोबाइल और छह हजार रुपये बरामद हुए।
बरेली। बरेली जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल और पर्स चुराने वाले कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब पांच साल से ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि, ड्यूटी के दौरान यात्रियों के सो जाने पर वह उनका सामान पार कर देता था। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में उसने 26 अक्टूबर की रात सीयर गोवर्धन एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का पर्स चुराना भी कबूल किया है।
पांच साल से कर रहा कोच अटेंडेंट का काम
जीआरपी और आरपीएफ की टीम को ट्रेन में हुई चोरी की इस वारदात का खुलासा करने में कामयाबी मिली है। पुलिस ने जसबीर नाम के आरोपी को पकड़ा है। वह पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला थाना क्षेत्र के सैदोगाजी गांव का निवासी है और उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले पांच वर्षों से ट्रेन संख्या 14624 सीयर गोवर्धन एक्सप्रेस में रोजाना कोच अटेंडेंट की ड्यूटी करता था। इसी दौरान वह यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोप है कि रात में जब यात्री गहरी नींद में होते थे, तब मौका पाकर वह उनके पर्स और मोबाइल चुरा लेता था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 की रात बरेली जंक्शन के आसपास ट्रेन के बी-2 कोच में उसने एक महिला यात्री का पर्स चुराया था। पर्स में स्मार्ट वॉच, दो मोबाइल फोन, चांदी की पायल, चांदी का कड़ा और तीन हजार रुपये नकद थे। उसने बताया कि चोरी के गहने पंजाब में बेच दिए थे।
टीम ने आरोपी के पास से लावा और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में थाना जीआरपी बरेली जंक्शन पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







