कम्पोजिट विद्यालय नांद अलगनी में धूमधाम से मना बाल मेला
बरेली के भुता स्थित कम्पोजिट विद्यालय नांद अलगनी में बाल मेले का आयोजन हुआ। बच्चों ने गणित, विज्ञान, चित्रकला और खान-पान के स्टॉल लगाकर अपना हुनर दिखाया।
बरेली। भुता क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय नांद अलगनी में राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशों पर बाल मेले का आयोजन पूरे उमंग और उत्साह के साथ किया गया। मेले का मकसद बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, व्यावहारिक समझ, गणितीय दक्षता, वैज्ञानिक सोच और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।
बच्चों ने सजाए स्टॉल
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने तरह-तरह के आकर्षक स्टॉल सजाकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया। इनमें गणित की गतिविधियां, विज्ञान के मॉडल, खेल, चित्रकला, हाथ से बनी वस्तुएं और खान-पान के स्टॉल शामिल रहे। बच्चों ने खुद स्टॉल संभालते हुए सामान की कीमत तय करने, खरीद-बिक्री, हिसाब-किताब और बातचीत के जरिए व्यावहारिक अनुभव हासिल किया।
प्रतिभा निखारने का मिला मौका
मेले में अभिभावकों, ग्रामवासियों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने भी शिरकत कर बच्चों की हौसला अफजाई की। बाल मेले के जरिए बच्चों को सीखने के साथ आनंद उठाने, आत्मनिर्भर बनने और अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिला।विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। बाल मेले ने विद्यालय में पढ़ाई को आनंददायक, गतिविधि आधारित और अनुभव से जुड़ा बनाने का सुंदर संदेश दिया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






