डीएम ने की मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की समीक्षा, राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
बरेली में डीएम अविनाश सिंह ने राजनीतिक दलों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 की समीक्षा की। 28-29 नवम्बर को बूथों पर बीएलओ सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे।
बरेली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटि रहित बनाने के साथ-साथ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम सूची में जुड़वाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
28-29 नवबंर को विशेष अभियान दिवस
जिलाधिकारी ने बताया कि, भारत निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के तहत गत 17 नवम्बर को एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इसी क्रम में 28 और 29 नवम्बर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जायेगा। इन दो दिनों में सभी बूथ लेवल अधिकारी और सुपरवाइजर अपने-अपने बूथों पर पर्याप्त संख्या में फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के साथ सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मौजूद रहेंगे।
संबंधित अधिकारी और सुपरवाइजर भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति और उनके कामकाज की समीक्षा करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि, वे विशेष अभियान दिवसों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अपने बीएलए को भी तय बूथों पर उपस्थित रहने के निर्देश दें, ताकि पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने और जरूरी संशोधन कराने में आसानी हो।
मतदाता सूची के आंकड़े भी हुए साझा
बैठक में जनपद की मतदाता सूची के आंकड़े भी साझा किए गए। बरेली के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 29,80,682 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 16,23,852 पुरुष, 13,56,774 महिला और 56 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जनपद में कुल 3,807 मतदेय स्थल और 1,941 मतदान केंद्र हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी 3,807 मतदेय स्थलों पर बीएलओ की तैनाती की गई है।
इसके अलावा फार्म-6, फार्म-7, फार्म-9, फार्म-10, फार्म-11, फार्म-11ए और फार्म-11बी को रोजाना जनपद के डीईओ पोर्टल पर अपलोड करने की व्यवस्था की गई है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि फार्म-9, फार्म-10, फार्म-11, फार्म-11ए और फार्म-11बी इस लिंक https://bareilly.nic.in/date-wise-details-of-forms-9-10-11-11a-11b-between-17-11-2026-to-16-12-2026-2/ से डाउनलोड कर सकते हैं।
4 जनवरी को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
जिलाधिकारी ने बताया कि, आयोग के निर्देशानुसार 28 दिसम्बर तक प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि, राजनैतिक दलों के नियुक्त बीएलए एक बार में बीएलओ को अधिकतम 10 फार्म-6 और पूरे कार्यक्रम के दौरान कुल 30 फार्म-6 जमा कर सकते हैं। फार्म-7 के बारे में उन्होंने कहा कि, नाम जोड़ने या हटाने के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए तय प्रक्रिया का पालन जरूरी है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि, मतदाता सूची से जुड़े आवेदन और घोषणाएं पूरी तरह सही और सत्य जानकारी के आधार पर ही दें। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत झूठी घोषणा करना दंडनीय अपराध है, जिसमें एक वर्ष तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है, इसलिए आवेदन करते समय सभी विशेष सावधानी बरतें।
बूथों पर चस्पा कराई जाए मतदाता सूची
उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलए अपने क्षेत्रों में घूमकर पात्र नागरिकों की पहचान करें और उनसे फार्म-6 भरवाने में मदद करें। इस काम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़कर व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को मतदाता बनने का मौका मिल सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि, जिन मतदाताओं के मतदान केंद्र या बूथ में बदलाव हुआ है, उन्हें इसकी सूचना जरूर दी जाए, ताकि मतदान के समय कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि, संबंधित बूथों पर मतदाता सूची चस्पा कराई जाए और बीएलओ मतदाताओं को बूथ परिवर्तन की जानकारी देने के साथ उन्हें जागरूक भी करें। उन्होंने साफ कहा कि, कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








