बरेली से दिल्ली, पंजाब और अमृतसर जाने वालों को राहत, 26 से 30 नवंबर तक चलेंगी 5 स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने 26 से 30 नवंबर तक पांच वन-वे स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। जयनगर, बढ़नी और सहरसा से चलने वाली ट्रेनों का बरेली में ठहराव होगा।
बरेली। सर्दी और कोहरे के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। इसी कड़ी में 26 से 30 नवंबर के बीच पांच वन-वे स्पेशल ट्रेनें बरेली जंक्शन से होकर गुजरेंगी। इन ट्रेनों का ठहराव बरेली में भी रखा गया है। इससे दिल्ली, पंजाब, जालंधर और अमृतसर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
26 नवंबर को बरेली से गुजरेंगी दो स्पेशल ट्रेनें
रेलवे की समय-सारणी के अनुसार, 26 नवंबर को जयनगर से अमृतसर के लिए ट्रेन संख्या 05515 संचालित होगी। यह ट्रेन जयनगर से रात 9:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:30 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद शाम 5:35 बजे मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। इसी दिन बढ़नी से जालंधर सिटी के बीच ट्रेन संख्या 05001 भी चलाई जाएगी। अनारक्षित श्रेणी की यह स्पेशल ट्रेन सीतापुर के रास्ते बरेली पहुंचेगी। इसका बरेली जंक्शन पर रात करीब 10:30 बजे पहुंचने का समय निर्धारित है। दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन रात 10:32 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
27 और 28 नवंबर को आनंद विहार के लिए मिलेगी ट्रेन सुविधा
सहरसा से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। 27 नवंबर को ट्रेन संख्या 05519 बरेली जंक्शन पर रात 8:25 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 8:30 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके अगले दिन यानी 28 नवंबर को ट्रेन संख्या 05599 भी इसी समय बरेली पहुंचेगी। इस ट्रेन का भी यहां पांच मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है। दोनों स्पेशल ट्रेनें गोरखपुर और लखनऊ के रास्ते बरेली पहुंचकर आनंद विहार टर्मिनल जाएंगी।
30 नवंबर को अमृतसर जाने वाली ट्रेन का भी ठहराव
30 नवंबर को सहरसा से अमृतसर के लिए एक और वन-वे स्पेशल ट्रेन संख्या 05595 संचालित होगी। यह ट्रेन सुबह 9:28 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। यहां तीन मिनट रुकने के बाद सुबह 9:31 बजे मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। इस ट्रेन का रूट हरदोई, बरेली और मुरादाबाद होते हुए दिल्ली, अंबाला और लुधियाना से अमृतसर तक निर्धारित किया गया है। इससे पंजाब और अमृतसर की ओर जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
सर्दियों में कोहरे और बढ़ती भीड़ के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट और सफर को लेकर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे की ओर से चलाई जा रही इन पांच स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यात्रा पर निकलने से पहले यात्रियों को संबंधित ट्रेन का समय और ठहराव रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से जरूर जांच लेना चाहिए।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






