बरेली में 58 दिन के लिए धारा-163 लागू, 5 या अधिक लोगों के जुटने पर रोक
क्रिसमस, मकर संक्रांति और परीक्षाओं को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह ने जारी किया निषेधाज्ञा आदेश, 22 जनवरी 2027 तक लागू रहेंगे प्रतिबंध।
बरेली में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। क्रिसमस डे, मकर संक्रांति और आगामी परीक्षाओं को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश 25 नवंबर 2026 से 22 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।
सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध
आदेश के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी जनसभा, जुलूस, धरना या प्रदर्शन के लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी। बिना अनुमति लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा। अनुमति मिलने पर भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी।
हथियार और विस्फोटक सामग्री ले जाने पर रोक
प्रशासन ने हथियारों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर बंदूक, पिस्तौल, तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा तेजाब, विस्फोटक सामग्री, पत्थर और कांच की बोतलें जमा करने तथा तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में दुकानें बंद
आगामी परीक्षाओं को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट, फोटोकॉपी और कंप्यूटर की दुकानें परीक्षा अवधि समाप्त होने तक बंद रहेंगी। वहीं भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक पोस्टर, अफवाह फैलाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है।
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर भी सख्ती
आदेश में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति दीवारों पर पोस्टर लगाने, अवैध शराब बेचने और साइबर कैफे, होटल व सराय में बिना पहचान के ठहरने जैसी गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। धार्मिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़ जुटाने और माहौल बिगाड़ने वाले कृत्यों से भी बचने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट, सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






