बरेलीः लूट के मामले में चार साल से पुलिस को थी तलाश, 25 हजार का इनामी रजत गिरफ्तार
मढ़ीनाथ में चार साल पहले हुई लूट की वारदात में वांछित चल रहे रजत गुप्ता को सुभाषनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम था।
बरेली। मढ़ीनाथ में चार साल पहले हुई लूट की वारदात में वांछित चल रहे रजत गुप्ता को सुभाषनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, एक अगस्त 2022 को मढ़ीनाथ निवासी भूपेंद्र सिंह के घर में घुसकर बदमाशों ने लूटपाट की थी। रात करीब तीन बजे छत के रास्ते घर में दाखिल हुए आरोपियों ने भूपेंद्र के साथ मारपीट की और जेवरात, नकदी व बाइक लेकर फरार हो गए थे। इस घटना में सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच में रजत गुप्ता का नाम सामने आया था। वह पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र के ईंटगांव का रहने वाला है और फिलहाल बरेली के हारुनगला में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से वह लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा। पांच नवंबर को एसएसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
साथियों की गिरफ्तारी के बाद बदलता रहा ठिकाने
पूछताछ में रजत ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई लखन गुप्ता, भोला और आकाश के साथ मिलकर लूट की वारदात की थी। घटना के बाद लखन और आकाश गिरफ्तार हो गए थे, जबकि वह फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि लूट में उसके हिस्से में 40 हजार रुपये आए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग किराये के मकानों में रहकर अपनी पहचान छिपाता रहा। सुभाषनगर पुलिस ने 16 नवंबर की रात मुखबिर की सूचना पर गन्ना मिल परिसर के खंडहर के पास से उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से जीआरपी बरेली और सुभाषनगर थाने में आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






