परजीवी विज्ञान में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान का मेल जरूरी : डॉ. के.एम.एल. पाठक
आईवीआरआई, इज्जतनगर में 35वीं राष्ट्रीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस (एनसीवीपी-2026) शुरू हुई। देशभर के 250 से ज्यादा वैज्ञानिक जुटे। डॉ. के.एम.एल. पाठक ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय पर जोर दिया।
IVRI में 35वीं राष्ट्रीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस व राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू
देशभर से 250 से ज्यादा वैज्ञानिक व प्रतिनिधि जुटे
इज्जतनगर। आईसीएआर-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), इज्जतनगर के पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान विभाग ने भारतीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान उन्नयन संघ (IAAVP) के तत्वावधान में 35वीं राष्ट्रीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस (NCVP-2026) और राष्ट्रीय संगोष्ठी की शुरुआत की। यह आयोजन 17 से 19 नवंबर तक चलेगा।
सम्मानित किए गए वैज्ञानिक
मुख्य अतिथि डॉ. के.एम.एल. पाठक, जो भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) और मथुरा वेटरनरी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति हैं, ने कहा कि, परजीवी विज्ञान में नई तकनीकों के साथ पारंपरिक वैज्ञानिक ज्ञान को जोड़ना जरूरी है। उन्होंने परजीवी जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण, दवा प्रतिरोध की चुनौती से निपटने और किसान-केंद्रित अनुसंधान व नवाचार को आगे बढ़ाने पर खास जोर दिया।
तीन दिन के इस राष्ट्रीय वैज्ञानिक आयोजन में देशभर के 250 से अधिक वैज्ञानिक, शिक्षाविद, पशु चिकित्सक, शोधार्थी और विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इस मौके पर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड समेत कई फेलोशिप और वैज्ञानिक पुरस्कार देकर उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया।
नई तकनीकि से मजबूत होगा परजीवी विज्ञान
डॉ. पाठक ने कहा कि आईवीआरआई के पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक विरासत बेहद समृद्ध है। बीते कई दशकों में इस विभाग ने परजीवी जनित रोगों की पहचान, शोध, टीका विकास, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और पशुधन के स्वास्थ्य व उत्पादकता को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि आणविक जीवविज्ञान, जीनोमिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, कम्प्यूटेशनल विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों ने शोध के नए रास्ते खोले हैं, लेकिन ये तकनीकें परजीवी विज्ञान के पारंपरिक ज्ञान का विकल्प नहीं, बल्कि उसे और मजबूत करने का साधन हैं।
डॉ. पाठक ने वन हेल्थ की अवधारणा के तहत वन्यजीव परजीवी विज्ञान, वाहक पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय कारकों के अध्ययन को विशेष महत्व देने की जरूरत भी रेखांकित की।
किसानों को मिले तकनीकि व नवाचार का लाभ
विशिष्ट अतिथि प्रो. राजेश कटोच, पूर्व अधिष्ठाता, शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू, ने कहा कि कृषि और पशुपालन की तकनीकें व नवाचार तभी सफल माने जाएंगे, जब उनका सीधा फायदा किसानों तक पहुंचे।
वैज्ञानिकों को प्रयोगशालाओं से निकलकर किसानों के बीच जाना चाहिए, उनकी समस्याएं समझनी चाहिए और उनकी बात ध्यान से सुननी चाहिए। उन्होंने कम लागत की तकनीकों, स्थानीय संसाधनों और किसानों के पारंपरिक ज्ञान के महत्व पर बल दिया। पशु कल्याण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पशुओं को केवल उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि संवेदनशील प्राणी समझा जाना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि, देश में किसान-केंद्रित पशु चिकित्सा परजीवी प्रबंधन पहल शुरू करने पर विचार होना चाहिए, जिसके तहत अलग-अलग कृषि-पारिस्थितिक क्षेत्रों में परजीवी प्रबंधन और निदान केंद्र खोले जा सकते हैं। उनके अनुसार वैज्ञानिक शोध का असली मकसद प्रयोगशाला में तैयार ज्ञान को किसानों तक पहुंचाना और पशुधन स्वास्थ्य, पशु कल्याण व उत्पादन को बेहतर बनाना होना चाहिए।
एकीकृत रोग नियंत्रण और वन हेल्थ दृष्टिकोण अपनाने पर बल
इंडियन एसोसिएशन फॉर द एडवांसमेंट ऑफ वेटरिनरी पैरासिटोलॉजी (IAAVP) के अध्यक्ष डॉ. ए. संगारन ने अध्यक्षीय संबोधन में आईसीएआर-आईवीआरआई को दुनिया के प्रतिष्ठित पशु चिकित्सा अनुसंधान और शिक्षण संस्थानों में गिना। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की स्थापना 15 अप्रैल, 1986 को पटना में हुई थी और इसका लक्ष्य पशु परजीवी विज्ञान में शोध, शिक्षा और विस्तार गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग, संयुक्त शोध और अलग-अलग देशों के संस्थानों से समझौता ज्ञापनों के जरिए वैज्ञानिक नेटवर्किंग मजबूत करने की बात कही। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते वैश्विक तापमान को परजीवी जनित रोगों के फैलाव का अहम कारण बताते हुए उन्होंने एकीकृत रोग नियंत्रण और वन हेल्थ दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत बताई।
वैज्ञानिकों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों का हुआ स्वागत
आईसीएआर-आईवीआरआई के संयुक्त निदेशक (अनुसंधान) डॉ. एस.के. सिंह ने देशभर से आए वैज्ञानिकों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पशु परजीवी विज्ञान पशु स्वास्थ्य और वैज्ञानिक शोध के लिहाज से बेहद अहम विषय है। इस क्षेत्र की उभरती चुनौतियों का हल निकालने के लिए वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों के बीच आपसी सहयोग और विचारों का आदान-प्रदान जरूरी है। उन्होंने आयोजन समिति को इस राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए बधाई भी दी।
तकनीकी आदान-प्रदान को राष्ट्रीय मंच देगी एनसीवीपी-2026
आयोजन सचिव डॉ. हीरा राम ने स्वागत संबोधन में कहा कि आईवीआरआई के पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान प्रभाग की वैज्ञानिक विरासत बहुत समृद्ध रही है। उन्होंने कहा कि यह विषय सिर्फ पशु स्वास्थ्य और उत्पादन तक सीमित नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के नजरिए से भी खास महत्व रखता है।
उन्होंने बताया कि एनसीवीपी-2026 ताजा वैज्ञानिक शोध, तकनीकी विकास और नवाचारों के आदान-प्रदान के लिए एक अहम राष्ट्रीय मंच देगी। संगोष्ठी में उन्नत रोग निदान तकनीकों, आणविक व जीनोमिक्स शोध, परजीवी जीवविज्ञान, औषधि प्रतिरोध, एकीकृत परजीवी प्रबंधन और टिकाऊ रोग नियंत्रण रणनीतियों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए उन्होंने संस्थान के निदेशक, वरिष्ठ प्रबंधन, एसोसिएशन के पदाधिकारियों, विभिन्न आयोजन समितियों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया।
ये वैज्ञानिक हुए सम्मानित
डॉ जे आर राव
डॉ एस सामंता
डॉ बी पी सिंह
डॉ एस सी गुप्ता
डॉ एम एच खान
डॉ ओ के रेना
डॉ अरविंद प्रसाद
डॉ अनूप तिवारी
डॉ सुभाशीष बंधोपाध्याय
डॉ दिनेश चन्द्र
IAAVP द्वारा परजीवी विज्ञान विभाग को दिए गए पुरस्कार
आईवीआरआई, इज्जतनगर के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जेम्मी राघवेन्द्र राव को प्रतिष्ठित डॉ. स्टीफन के. विकेल IAAVP लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिला।
IAAVP फेलो अवार्ड से मद्रास वेटरनरी कॉलेज, चेन्नई के प्रो. श्रीकुमार चिरुकंदोथ, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार के कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंसेज के डीन प्रो. अनीश यादव तथा केरल वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, वायनाड के डॉ. रेघु रविंद्रन को नवाजा गया।
अन्य प्रमुख पुरस्कारों में SKUAST-कश्मीर के डॉ. इदरीस मेहराज अल्लाई को एस.एम. इस्माइल ओरशन अवार्ड, आईसीएआर-आईवीआरआई के डॉ. बी.सी. सरवनन को निशामणि परीजा ओरशन अवार्ड, डॉ. विक्रांत सूडान और डॉ. के.पी. श्यामा को डॉ. डी.पी. बनर्जी ओरशन अवार्ड, डॉ. गजानन एम. चिगुरे को डॉ. कल्याणसुंदरम ओरशन अवार्ड और डॉ. अजित कुमार के.जी. को डॉ. एन.एस. को रुप्राह ओरशन अवार्ड दिया गया।
इसी क्रम में बिहार वेटरनरी कॉलेज, पटना के डॉ. अजीत कुमार को 25वें NCVP-MVC मिड-कैरियर एक्सीलेंस अवार्ड, ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, भुवनेश्वर की डॉ. मानसविनी देहुरी को IAAVP महिला वैज्ञानिक पुरस्कार, महाराष्ट्र पशु एवं मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय के डॉ. गोपाल पी. भारकड़ को डॉ. वीर सिंह राठौर एमिनेंट साइंटिस्ट अवार्ड और केरल वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी की डॉ. बिंदु लक्ष्मणन को डॉ. बी.पी. पांडे बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा आईसीएआर-राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार के डॉ. राजिंदर कुमार को अल्पना सान्याल बेस्ट लीड पेपर अवार्ड और लुवास, करनाल के डॉ. बिस्वा रंजन महाराणा को पशु चिकित्सा प्रोटोजूलॉजी में उत्कृष्टता के लिए डॉ. ए. अशोक के. मिश्रा मेमोरियल रिसर्च पेपर अवार्ड मिला।
वर्ष 2025 में जर्नल ऑफ वेटरिनरी पैरासिटोलॉजी में छपे शोधपत्रों पर भी पुरस्कार दिए गए। के. धनदापानी, जी. पोनुदुरई, एन. रानी, जी. सेल्वराजू और पी. पोनुसामी के शोधपत्र को डॉ. वी.एस. अलवर मेमोरियल अवार्ड तथा आर.आर. अहांगर, राजेश गोदारा, कैफा नाजिम, अनीश यादव और राजेश कटोच के शोधपत्र को IAAVP बेस्ट पेपर अवार्ड-2025 दिया गया।
इस मौके पर आईएएवीपी के महासचिव डॉ. अनीश यादव ने एसोसिएशन की सालाना गतिविधियों और उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं










