यूपी चुनाव से पहले BJP का बड़ा प्लान! छह क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की तैयारी, PM मोदी कर सकते हैं समापन रैली
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने संगठन और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति तैयार की है। सूत्रों के मुताबिक, छह क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्राएं और बूथ सम्मेलन आयोजित किए जा सकते हैं।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज करने की रणनीति बनाई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अगले महीने से प्रदेश में बड़े स्तर पर चुनावी गतिविधियां शुरू कर सकती है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नितिन नवीन की भूमिका अहम हो सकती है। पार्टी की योजना प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने की है। इन यात्राओं के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी है।
छह क्षेत्रों में निकल सकती हैं जन आशीर्वाद यात्राएं
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ब्रज, पश्चिम यूपी, कानपुर-बुंदेलखंड, काशी, अवध और गोरखपुर क्षेत्र में अलग-अलग जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल सकती है। इन सभी यात्राओं का समापन लखनऊ में प्रस्तावित है। यहां एक बड़ी रैली आयोजित की जा सकती है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं। हालांकि, अभी इन कार्यक्रमों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बूथ और शक्ति केंद्रों पर रहेगा फोकस
बीजेपी की रणनीति में बूथ सम्मेलन और शक्ति केंद्र सम्मेलन को भी प्रमुखता दी जा रही है। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करने की योजना है। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन सम्मेलनों को संबोधित कर सकते हैं। पार्टी का जोर बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने पर रहेगा।
मंत्रियों को मिल सकती है जिलों की जिम्मेदारी
चुनावी तैयारियों के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। मंत्री संबंधित जिलों में जाकर पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के दौरान कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को भी महत्व दिए जाने की संभावना है। पार्टी की इस रणनीति का मुख्य आधार 'कार्यकर्ता प्रथम' बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया और वोटर लिस्ट पर भी तैयारी
बीजेपी अपनी डिजिटल रणनीति को भी मजबूत करने की तैयारी में है। इसके तहत जिला स्तर पर यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ने की योजना है, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जा सके।इसके अलावा मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने वाले पात्र मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी है। पार्टी ऐसे लोगों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास कर सकती है।
'कार्यकर्ता प्रथम' होगी चुनावी रणनीति
बीजेपी की इस पूरी रणनीति का मुख्य केंद्र 'कार्यकर्ता प्रथम' बताया जा रहा है। पार्टी का जोर पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और स्थानीय फीडबैक के आधार पर चुनावी तैयारी करने पर है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






