कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट्ट ढेर, मस्जिद में घुसकर सुरक्षाबलों ने किया आतंक का सफाया
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट्ट को मार गिराया। आतंकी मस्जिद में छिपा था और बार-बार अपील के बावजूद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया।
कुलगाम: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को घेर लिया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जवान जानागलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपे आतंकी से हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की अपील करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मस्जिद में छिपा आतंकी एक शीर्ष आतंकी संगठन से जुड़ा हो सकता है। सुरक्षाबल पूरे इलाके में सतर्कता बरतते हुए अभियान चला रहे हैं।
आत्मसमर्पण करने के लिए समझा रहे सुरक्षाबल
वीडियो में सुरक्षाबल के जवान आतंकवादी को 'लतीफ' नाम से पुकारते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए समझाते नजर आ रहे हैं। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मस्जिद में छिपा आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट हो सकता है। हालांकि, अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में आतंकी किसी भी हाल में सरेंडर करने को तैयार दिखाई नहीं दे रहा है।
आतंकी और सुरक्षाबलों के जवानों के बीच क्या हुई बातचीत?
सामने आए वीडियो में आतंकी सबसे पहले अरबी भाषा में एक धार्मिक वाक्य बोलता सुनाई देता है। इसका आशय अल्लाह से जुल्म से मुक्ति की प्रार्थना करना बताया जा रहा है। इसके बाद सुरक्षाबल का एक जवान उसे समझाने की कोशिश करता है और कहता है, 'अरे, तुम ऐसे कौम का...'। जवान की बात के जवाब में आतंकी कहता है, 'मैं निकला हूं, मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। अल्लाह को देखूंगा, अल्लाह के रसूल और नबी को देखूंगा। अल्लाह हू अकबर।'
वीडियो में जवान लगातार आतंकी को समझाने और आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
आप भी सुनें
कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट्ट ढेर
कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां एक मस्जिद के अंदर छिपे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट्ट को मुठभेड़ में मार गिराया गया। सुरक्षाबलों और आतंकी के बीच काफी देर तक मुठभेड़ चली। इस दौरान मस्जिद के अंदर कार्रवाई की गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि धार्मिक स्थल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट्ट से कई बार आत्मसमर्पण करने की अपील की थी। जवानों ने उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आतंकी मारा गया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






