18 दिन बाद डासना जेल से बाहर आए आजम खान, रामपुर रवाना
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद डासना जेल से रिहा हो गए। बेटे अब्दुल्ला आजम उन्हें लेने पहुंचे। करीब 18 दिन बाद जेल से बाहर आए आजम खान रामपुर रवाना हो गए। वहीं, ईडी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 19 नवंबर को सुनवाई होगी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा हुए सपा नेता
बेटे अब्दुल्ला आजम ने किया रिसीव
ईडी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई कल
गाजियाबाद/रामपुर। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान बुधवार शाम डासना जेल से रिहा हो गए। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने उन्हें रिसीव किया। जेल से बाहर आते ही आजम खान सीधे गाड़ी में बैठे और रामपुर के लिए रवाना हो गये। वे करीब 18 दिन बाद जेल से बाहर आए।
सुबह्र से बनी रही हलचल
आजम खान की रिहाई को लेकर बुधवार सुबह से ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बनी हुई थी। गाजियाबाद की अदालत में जमानत से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रिहाई का परवाना डासना जेल भेजा गया। अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का व्यक्तिगत मुचलका जमा करने की शर्त रखी थी। शहनवाज और जुनैद ने उनके जमानती के रूप में दस्तावेज जमा कराए।
31 अक्टूबर को हुए थे अरेस्ट
गौरतलब है कि, आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर निकलते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया था। ईडी द्वारा यह कार्रवाई जौहर विश्वविद्यालय और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल में रखा गया था। आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को अदालत में चुनौती दी थी।
ईडी ने HC के फैसले को दी चुनौती
मामले की सुनवाई के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को उन्हें अंतरिम जमानत दे दी। अदालत ने प्रथम दृष्टया गिरफ्तारी के दौरान कानूनी प्रक्रिया के पालन में खामियां पाईं। हालांकि, ईडी ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल रोक लगाने से इनकार करते हुए मामले की सुनवाई 19 नवंबर के लिए निर्धारित की है।
आजम खान की रिहाई पर उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद तंजीन फातिमा ने खुशी जताई है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए इसे इंसाफ की जीत बताया। वहीं, जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने मीडिया से कोई ख़ास बातचीत नहीं की । वे सीधे गाड़ी में बैठे और रामपुर के लिए रवाना हो गए।
सपा समर्थकों में दिखा उत्साह
आजम खान की रिहाई से समाजवादी पार्टी के समर्थकों में काफी उत्साह है। अब सबकी निगाहें 19 नवंबर को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी है। फिलहाल, आजम खान की अंतरिम जमानत पर हुई रिहाई ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






