बारादरी थाने पहुंचे DIG मुनिराज जी., रिकॉर्ड खंगाले, पुलिसकर्मियों को दिए सख्त निर्देश
डीआईजी बरेली परिक्षेत्र मुनिराज जी. ने थाना बारादरी का औचक निरीक्षण कर रिकॉर्ड, जनसुनवाई, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क की समीक्षा की। बीट पुलिसिंग और यक्ष एप के पूरे उपयोग पर जोर दिया।
बरेली। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) बरेली परिक्षेत्र मुनिराज जी. ने शनिवार को थाना बारादरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के रिकॉर्ड, शिकायतों के निस्तारण, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क के कामकाज को परखा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को फरियादियों की समस्याओं का समय पर और बेहतर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही बीट पुलिसिंग को सशक्त बनाने और यक्ष एप का पूरा उपयोग करने पर जोर दिया।
पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाने की कार्यप्रणाली और पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर और मालखाने से संबंधित अभिलेखों को देखा और सभी रिकॉर्ड को दुरुस्त तथा अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने कहा कि, थाने आने वाले पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका समय से, गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। भूमि विवाद के मामलों में राजस्व विभाग से तालमेल बनाकर कार्रवाई करने को भी कहा गया।
मिशन शक्ति केंद्र के कामकाज की हुई समीक्षा
महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र के कामकाज की समीक्षा हुई। डीआईजी ने निर्देश दिए कि, महिला शिकायतकर्ताओं से संवेदनशीलता और सम्मान के साथ पेश आया जाए और उन्हें जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाए।
साइबर हेल्प डेस्क का मुआयना करते हुए उन्होंने साइबर ठगी की शिकायतों पर गोल्डन ऑवर में फौरन कार्रवाई करने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
अपराधियों के डिजिटल सत्यापन पर बल
बीट पुलिसिंग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बीट आरक्षियों से उनके क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थलों और अपराधियों की निगरानी के बारे में जानकारी ली। साथ ही यक्ष एप के शत-प्रतिशत उपयोग और अपराधियों के डिजिटल सत्यापन पर बल दिया।
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, संतरी पहरा और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि आम लोगों से बेहतर संवाद रखें, ताकि पुलिस के प्रति भरोसा और सुरक्षा का भाव मजबूत हो।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








