मुजफ्फरनगर में पिता और सौतेली मां ने 15 साल की बेटी को गंगनहर में फेंका, चाचा ने बचाई जान
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है...
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। भोपा थाना क्षेत्र के गांव रुड़कली तालिब अली में पिता और सौतेली मां पर किशोरी को गंगनहर में फेंकने का आरोप है। हालांकि, किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए नहर में एक पेड़ की शाखा पकड़ ली। समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की मदद मिलने से उसकी जान बच गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता फैसल और सौतेली मां साया हसीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि फैसल पहले से ही हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दादी की मौत के बाद बढ़ गई थी परेशानी
पीड़िता हीबा के चाचा समीर उर्फ अबू सहमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई फैसल की पहली पत्नी बुशरा करीब 12 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। बुशरा से फैसल की दो बेटियां हीबा और सिदरा हैं। पहली पत्नी के जाने के बाद फैसल ने गांव नगला बुजुर्ग की रहने वाली साया हसीन से दूसरी शादी कर ली। इस शादी से उनके दो बेटे उजैर और उमर अली हुए। मां के घर छोड़ने के बाद हीबा की देखभाल उसकी दादी संजीदा करती थीं। दादी ने ही उसे पाल-पोसकर बड़ा किया। परिवार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। चाचा का आरोप है कि पिता और सौतेली मां अक्सर हीबा के साथ मारपीट करते थे। बीते सितंबर में दादी की मौत हो गई। इसके बाद हीबा की मुश्किलें और बढ़ गईं। चाचा के मुताबिक, पिता और सौतेली मां का व्यवहार बच्चियों के प्रति ठीक नहीं था और उनके साथ मारपीट की जाती थी।
पहले गला घोंटने की कोशिश, फिर गंगनहर में धकेला
चाचा समीर के अनुसार, शनिवार को फैसल और उसकी पत्नी ने पहले हीबा का गला घोंटने की कोशिश की। जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जौली-अकबर रोड के पास गंगनहर में धक्का दे दिया। नहर में गिरने के बाद हीबा ने खुद को बचाने की कोशिश की और तैरते हुए एक पेड़ की शाखा पकड़ ली। इसी दौरान उसकी तलाश कर रहे चाचा को उसकी चीख सुनाई दी। चाचा ने पुलिस और ग्रामीणों की मदद से किशोरी को नहर से बाहर निकलवाया। इस तरह समय रहते उसकी जान बच गई।
चाचा की शिकायत पर पिता और सौतेली मां गिरफ्तार
हीबा को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद चाचा समीर ने भोपा थाने पहुंचकर अपने भाई फैसल और उसकी पत्नी साया हसीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। भोपा थाने के अपराध निरीक्षक धारा सिंह ने बताया कि चाचा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फैसल हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






