ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर विश्वविद्यालय में कार्यक्रम, शिक्षकों और छात्रों ने दी श्रद्धांजलि
महात्मा ज्योतिबा फुले ने ऐसे समय में शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज में महिलाओं की पढ़ाई को लेकर कई तरह की बंदिशें थीं। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर लड़कियों की शिक्षा के लिए काम किया।
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले ने ऐसे समय में शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज में महिलाओं की पढ़ाई को लेकर कई तरह की बंदिशें थीं। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर लड़कियों की शिक्षा के लिए काम किया। उनके इसी संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद करते हुए महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में उनकी 136वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्य वक्ता प्रोफेसर नागेश्वर प्रसाद शुक्ला ने उनके जीवन और समाज सुधार के प्रयासों पर विचार रखे।
उन्होंने कहा कि ज्योतिबा फुले का उद्देश्य समाज में बराबरी स्थापित करना और हर व्यक्ति को शिक्षा का अवसर दिलाना था। डॉ. भीमराव आंबेडकर भी उन्हें अपना तीसरा गुरु मानते थे। फुले के विचारों ने सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक सोच को मजबूत करने का काम किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विभिन्न मुद्दों पर खुली चर्चा भी हुई। महात्मा ज्योतिबा फुले शोधपीठ के समन्वयक डॉ. सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों से उनके जीवन संघर्ष और विचारों से सीख लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की। आयोजन सचिव डॉ. विजय सिन्हाल ने भी उनके जीवन से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विजय सिन्हाल ने दिया। इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव, प्रोफेसर यशपाल सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. हेमा वर्मा समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






