अदाणी ग्रुप की एयरलाइन कारोबार में एंट्री की तैयारी, सरकार से मांगी निवेश की अनुमति
अदाणी ग्रुप अब एयरपोर्ट कारोबार के बाद एयरलाइन सेक्टर में भी निवेश करना चाहता है। ग्रुप के CFO जुगेशिंदर रॉबी सिंह ने कहा कि कंपनी किसी मौजूदा एयरलाइन में निवेश कर सकती है...
नई दिल्ली। अदाणी ग्रुप अब एयरपोर्ट कारोबार के बाद एयरलाइन सेक्टर में भी निवेश करना चाहता है। ग्रुप के CFO जुगेशिंदर रॉबी सिंह ने कहा कि कंपनी किसी मौजूदा एयरलाइन में निवेश कर सकती है या नई एयरलाइन शुरू करने वाले उद्यमियों को आर्थिक मदद दे सकती है। अदाणी ग्रुप देश में आठ एयरपोर्ट का संचालन करता है। इनमें मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट भी शामिल हैं। अब ग्रुप ने एयरलाइन कारोबार में निवेश की अनुमति के लिए सरकार से संपर्क किया है। हालांकि, अभी किसी एयरलाइन में निवेश या नई कंपनी शुरू करने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
एयरलाइन कारोबार में क्यों उतरना चाहता है अदाणी ग्रुप?
रॉबी सिंह के मुताबिक, भारत में हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं। उनका कहना है कि देश में अभी रोजाना करीब 3,200 से 3,300 उड़ानें संचालित होती हैं, जबकि भविष्य में यह संख्या 30 हजार तक पहुंच सकती है। ग्रुप का मानना है कि इस बढ़ती मांग को देखते हुए एयरलाइन सेक्टर में नए निवेश और कंपनियों की जरूरत होगी।
एयरपोर्ट कारोबार के साथ क्या है बड़ी चुनौती?
मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़े कुछ समझौतों में एयरपोर्ट संचालकों और उनसे जुड़ी कंपनियों के लिए एयरलाइन में हिस्सेदारी रखने पर 10% की सीमा तय है। इसी वजह से अदाणी ग्रुप ने संबंधित नियमों में छूट या बदलाव की मांग की है। सरकार को इस प्रस्ताव पर फैसला लेना है। एयरपोर्ट संचालन और एयरलाइन कारोबार एक ही समूह के पास होने से दूसरी एयरलाइंस को समान सुविधाएं मिलने को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं।
इंडिगो और एयर इंडिया का दबदबा
भारत के घरेलू विमानन बाजार में फिलहाल इंडिगो और एयर इंडिया ग्रुप की बड़ी हिस्सेदारी है। दोनों कंपनियों के पास मिलाकर 90% से अधिक बाजार हिस्सेदारी है। वहीं अकासा एयर भी इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। ऐसे में अगर अदाणी ग्रुप को निवेश की अनुमति मिलती है, तो भारतीय एविएशन सेक्टर में एक नया कारोबारी खिलाड़ी सामने आ सकता है। हालांकि, फिलहाल यह योजना शुरुआती चरण में है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






