जियो मार्ट कर्मचारी पर हमले के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वांछित आरोपी मुठभेड़ में दबोचा
फरीदपुर में वारदात के दो दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी, ज्यारत कट पर घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
बरेली। मामूली विवाद में जियो मार्ट के कर्मचारी पर ईंट-पत्थरों और स्टूल से हमला करने के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन ही एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। शनिवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित तौहीद बाइक से इलाके से निकलने की कोशिश में है। पुलिस ने ज़ियारत कट के पास घेराबंदी की तो आरोपी ने बचकर भागने के लिए पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई।
सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि 26 नवंबर की रात फरीदपुर कस्बे में जियो मार्ट के सिक्योरिटी गार्ड अजय कुमार का पड़ोस की चाय की दुकान पर कुर्सियां हटाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि अमन अजमेरी, तौहीद और आमिर ने एक साथ मिलकर अजय के साथ मारपीट की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






