जनगणना 2027: स्वगणना को लेकर एडीएम ने चार्ज अधिकारियों के साथ की बैठक, जागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश
बरेली में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर एडीएम संतोष कुमार सिंह ने चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक की। स्वगणना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। 1 दिसंबर से जनगणना का कार्य शुरू होगा।
बरेली। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत स्वगणना की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक परिवारों को इस प्रक्रिया से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
अधिक से अधिक लोगों से कराएं स्वगणना
बैठक में एडीएम ने कहा कि, स्वगणना का कार्य पूरा करने के लिए अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों की स्वगणना कराई जाए, जिससे जनगणना की प्रक्रिया आसान, तेज और सटीक हो सके। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
इसके लिए स्कूल, कॉलेज, पंचायत भवन, सीएससी सेंटर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को स्वगणना की जानकारी देने को कहा गया। साथ ही बताया जाए कि यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय है, ताकि कोई भी परिवार जनगणना से छूटने न पाए।
एक दिसंबर से शुरू होगी जनगणना
बैठक में जानकारी दी गई कि, 01 दिसंबर से जनगणना का कार्य शुरू होगा। एडीएम ने चार्ज अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। स्वगणना पूरी कर चुके परिवारों का सत्यापन प्रगणक द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, सभी उपजिलाधिकारी और जनपद के समस्त चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








