Madurai News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर CRPF तैनात, कार्तिगई दीपम को लेकर बढ़ी सुरक्षा
Madurai News: तमिलनाडु की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपाथून में कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हलचल बढ़ गई है। दरगाह की ओर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही देखने को मिली। जानिए पूरा मामला।
Madurai News: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद शनिवार को पहाड़ी पर स्थित 'दीपाथून' पत्थर के खंभे पर पारंपरिक दीप जलाने की तैयारी की गई है। इस बीच पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह की ओर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही देखने को मिली।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने दीपाथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने का निर्देश दिया है। इस आदेश के बाद पहाड़ी पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अदालत ने दीप जलाने के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं।
अदालत ने यह भी कहा है कि दीप प्रज्वलन की व्यवस्था दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर की जाए, ताकि धार्मिक गतिविधियों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। गौरतलब है कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद पहले भी सामने आ चुका है। सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब शनिवार की गतिविधियों पर सबकी नजर बनी हुई है।
भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने क्या कहा?
भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, "मैं आज दोपहर बहुत खुशी के साथ तिरुपरनकुंद्रम जा रही हूँ, जहाँ लाखों भक्त 'कार्तिगई दीपम' जलाएंगे। कल सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार की कड़ी आलोचना की। सत्ता में आने के छह महीने के भीतर ही, TVK सरकार को एक विधायक की गिरफ्तारी, सुप्रीम कोर्ट की तीखी आलोचना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपनी क्षमता पर उठते सवालों का सामना करना पड़ा है। जिस दीपम को जलाने से सरकार ने रोकने की कोशिश की थी, अब उसका प्रसारण पूरी दुनिया में हो रहा है। भगवान मुरुगन का आशीर्वाद पूरे भारत और दुनिया भर के लोगों तक पहुँच रहा है। भगवान मुरुगन की शक्ति अपार है, और दीप जलाने से रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारों का इस्तेमाल निंदनीय है..."
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






