बरेली में मेडिकल स्टोरों पर FSDA का छापा, दवाओं की कीमत और स्टॉक की हुई जांच
बरेली में FSDA ने अस्पतालों के भीतर चल रहे मेडिकल स्टोर और फार्मेसियों में दवाओं की कीमत, स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच की। प्रदेशव्यापी अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा।
बरेली। मेडिकल स्टोरों पर दवाओं की कीमत और स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित करने के शासन के आदेशों का पालन हो रहा है या नहीं, इसे परखने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान छेड़ दिया है। बरेली में भी कई अस्पतालों के अंदर चल रहे मेडिकल स्टोर और फार्मेसियों में सघन चेकिंग की गई। अधिकारियों ने दवाओं की खरीद और बिक्री के दामों से जुड़ी जानकारी के साथ जरूरी रिकॉर्ड खंगाले और संचालकों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।
प्रदेश भर में चल रहा जांच अभियान
दवाओं की कीमत और स्टॉक से जुड़ी जानकारी पारदर्शी रखने के लिए शासन ने पहले ही निर्देश जारी किए थे। इन आदेशों की समय सीमा पूरी होने के बाद अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी एफएसडीए ने पूरे प्रदेश में जांच अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत मेडिकल स्टोरों के साथ-साथ अस्पतालों के भीतर संचालित फार्मेसियों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोरों पर दवाओं की खरीद और बिक्री के दामों से जुड़ी जानकारी परखी जा रही है। इसमें प्राइस टू रिटेलर यानी पीटीआर और प्राइस टू कंज्यूमर यानी पीटीसी जैसी निर्धारित जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि, जरूरी विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध हैं या नहीं और दवाओं के स्टॉक से संबंधित जानकारी भी दी गई है या नहीं।
औषधि विभाग की टीम ने चलाया सघन चेकिंग अभियान
इसी क्रम में बरेली जिले में भी औषधि विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों ने खुशालोक हॉस्पिटल के प्रीतोमल मेडिकल, राधिका हॉस्पिटल के शिव ओम मेडिकल, नवोदय हॉस्पिटल के नवोदय मेडिकल और श्रीनाथजी मेडिसिटी हॉस्पिटल के श्रीनाथजी मेडिकल की बारीकी से जांच की।
इसके अलावा केयर हॉस्पिटल के ओम मेडिसन सेंटर और श्री वेदांता हॉस्पिटल के शोभित मेडिवर्ल्ड सहित अन्य अस्पतालों की फार्मेसी और मेडिकल स्टोर भी खंगाले गए। इस दौरान संचालकों को एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
नियमों का पालन न करने वाले मेडिकल स्टोरों पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि, इस अभियान का उद्देश्य दवाओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता बनाए रखना और मरीजों तक सही जानकारी पहुंचाना है। प्रदेशभर में 4 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में नियमों का पालन नहीं करने वाले मेडिकल स्टोरों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








