2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा भारत, ICC ने जारी किया कैलेंडर
ICC ने 2035 तक के पुरुष टूर्नामेंटों की विंडो को मंजूरी दी। भारत 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी की अकेले और 2031 के वनडे वर्ल्ड कप की बांग्लादेश के साथ मेजबानी करेगा।
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने रविवार को 2035 तक होने वाले सभी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों की विंडो को मंजूरी दे दी। साथ ही 2031 तक के आईसीसी टूर्नामेंटों के मेजबान देशों का भी ऐलान किया गया। इसमें भारत को दो बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी मिली है।
2035 के वनडे विश्व कप की तारीखें तय
घोषणा के अनुसार, भारत 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी की अकेले मेजबानी करेगा। यह टूर्नामेंट 9 से 28 अक्टूबर 2029 के बीच खेला जाएगा। वहीं 2031 का वनडे विश्व कप भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से आयोजित करेंगे। यह मेगा इवेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक चलेगा।
2035 में होने वाले वनडे विश्व कप की तारीखें भी तय कर दी गई हैं। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर में खेला जाएगा, लेकिन इसके मेजबान देश का ऐलान अभी नहीं हुआ है। आईसीसी ने 2031 के बाद के टूर्नामेंटों की तारीखें सार्वजनिक की हैं, पर मेजबानों के नाम घोषित नहीं किए हैं।
एक नजर टी20 विश्व कप के कार्यक्रम पर
टी20 विश्व कप के कार्यक्रम पर नजर डालें तो 2028 का संस्करण 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होगा। 2030 के टी20 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड करेंगे। इसके बाद 2032 और 2034 में भी टी20 विश्व कप होंगे, जिनके मेजबान देशों और स्थलों की घोषणा बाकी है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल 2035 तक हर दो साल में जून महीने में खेला जाएगा। इंग्लैंड 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान अभी तय नहीं हैं।
क्रिकेट जगत को मिलेगी बेहतर दिशा
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि, टूर्नामेंटों का यह पोर्टफोलियो और कार्यक्रम क्रिकेट के वैश्विक ढांचे का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक इससे खेल और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगा तथा पूरे क्रिकेट जगत को बेहतर दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों और सदस्य देशों को लंबे समय पहले जानकारी देने से बेहतर योजना, उच्च प्रदर्शन कार्यक्रम और व्यवस्थित क्रिकेट कैलेंडर बनाने में मदद मिलेगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






