खाना बनाने को लेकर विवाद, पति ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को मारी गोली; दो दिन तक तड़पती रही महिला
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी दूसरी पत्नी को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी।
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी दूसरी पत्नी को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। आरोप है कि महिला ने घर में आटा नहीं होने की बात कहकर खाना बनाने से मना कर दिया था। इसी बात पर पति ने गुस्से में आकर फायरिंग कर दी। गोली महिला की आंख में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी को घर में बंद कर दिया और फरार हो गया। मामला थाना घुंघचाई क्षेत्र के अभयपुर माधोपुर गांव का है।
यहां रहने वाले मनजीत सिंह ने 27 नवंबर को अपनी पत्नी संदीप कौर से खाना बनाने को कहा था। संदीप कौर ने घर में आटा नहीं होने की बात कहते हुए खाना बनाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर मनजीत ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक उठाई और 47 वर्षीय पत्नी को गोली मार दी। गोली महिला की आंख में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों ने चेन्नई में रह रहे उसके सौतेले बेटे सर्वजीत को फोन पर सूचना दी। इसके बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई।
2004 में हुई थी शादी, पति पर घर से निकालने का आरोप
अस्पताल में भर्ती संदीप कौर ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2004 में मनजीत सिंह के साथ हुई थी। मनजीत की पहली पत्नी से दो बेटे हैं, जो उसके साथ रहते हैं। उनका बेटा सर्वजीत चेन्नई में रहकर काम करता है। संदीप कौर का आरोप है कि उसका पति उसे घर से निकालना चाहता था। घटना के बाद उसके सौतेले बेटे गुरजीत सिंह ने आरोपी पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए घुंघचाई थाने में तहरीर दी।
दो दिनों तक घर में घायल अवस्था में पड़ी रही महिला
आरोप है कि गोली मारने के बाद मनजीत सिंह ने संदीप कौर को घर में बंद कर दिया। महिला दो दिनों तक घायल अवस्था में घर में पड़ी रही। इस दौरान उसके सौतेले बेटे गुरजीत सिंह ने पड़ोसियों की मदद से उसे खाना पहुंचाया। रविवार को गोरखपुर से महिला के मायके वाले पहुंचे। उसकी बहन मीना देवी, निवासी सिसवां बाजार, थाना पिपरा, जिला गोरखपुर, घायल संदीप कौर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचीं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बेटे की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सौतेले बेटे गुरजीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मनजीत सिंह पुत्र करनैल सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है। घुंघचाई थाने के एसओ राजीव कुमार ने बताया कि बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच-पड़ताल के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






