रविवार, 29 नवंबर 2026

ब्रेकिंग
माई नेशन की नई वेबसाइट पर आपका स्वागत है, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर एक जगह रोज़ का ई-पेपर अब वेबसाइट पर, मोबाइल पर भी आसानी से पढ़ें अपने क्षेत्र की खबर भेजने के लिए "खबर भेजें" बटन दबाएं ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें Lucknow Acid Attack: शादी से इनकार पर खौफनाक हमला, युवती पर फेंका तेजाब, माता-पिता को चाकू से गोदा Punjab Politics: चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, विधायक चरणजीत सिंह ने थामा अकाली दल का हाथ Bihar News: मदरसे से चंदा जुटाने निकले दो मासूमों की तालाब में मिली लाश, इलाके में पसरा मातम Mann Ki Baat 140th Episode: युवाओं के नशे से लेकर साइबर ठगी तक PM मोदी ने छेड़े कई मुद्दे, पढ़ें पूरी डिटेल्स California Earthquake: कैलिफोर्निया में भूकंप के झटकों से दहशत, घर छोड़ सड़कों पर भागे लोग, आसमान में लौटीं फ्लाइट्स Jharkhand: रामगढ़ में मौत बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, रजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
देश

परिसीमन पर देश में सियासी संग्राम: लोकसभा की 543 सीटें बढ़कर 816 होने का रास्ता साफ करने की तैयारी, हर राज्य में 50% बढ़ेंगी सीटें; यूपी में 80 से 120 हो सकते हैं सांसद

महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने के लिए केंद्र सरकार का नया दांव, 850 सीटों तक पहुंच सकती है लोकसभा की अधिकतम क्षमता; 2051 तक राज्यों के बीच सीटों का अनुपात सुरक्षित रखने का प्रस्ताव

परिसीमन पर देश में सियासी संग्राम: लोकसभा की 543 सीटें बढ़कर 816 होने का रास्ता साफ करने की तैयारी, हर राज्य में 50% बढ़ेंगी सीटें; यूपी में 80 से 120 हो सकते हैं सांसद
19 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली। देश की राजनीति में एक बार फिर परिसीमन का मुद्दा सबसे बड़े संवैधानिक और राजनीतिक सवाल के रूप में सामने है। यह केवल लोकसभा और विधानसभा की सीटें बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि इससे देश का राजनीतिक नक्शा, चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं, सांसदों और विधायकों की संख्या, उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक संतुलन और महिलाओं की संसद तथा विधानसभाओं में भागीदारी तक बदल सकती है।

केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर अपनी पुरानी योजना में बड़ा बदलाव करते हुए नया प्रस्ताव तैयार किया है। 27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी। नए प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। लोकसभा की अधिकतम संवैधानिक क्षमता 850 सीट और विधानसभा की अधिकतम क्षमता 650 सीट करने का प्रस्ताव है।

खास बात यह है कि इस बार सरकार ने उत्तर और दक्षिण भारत के बीच प्रतिनिधित्व के असंतुलन की आशंका को दूर करने के लिए सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में समान अनुपात से 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता चुना है। साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर सदन की सदस्य संख्या 816 तक पहुंचाने की योजना है। राज्यों की विधानसभाओं में भी मौजूदा सीटों के मुकाबले 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। लोकसभा की अधिकतम संवैधानिक क्षमता 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम क्षमता 650 करने का प्रस्ताव है।

सरकार की योजना इस पूरी कवायद को महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से जोड़ने की है। लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण को प्रभावी बनाना है। हालांकि, इन प्रस्तावों को अभी संसद की मंजूरी मिलनी बाकी है। लोकसभा की विशेष बैठक 30 नवंबर से शुरू होनी है, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से प्रस्तावित है।

इस प्रस्ताव का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि परिसीमन के जरिए पहली बार एक साथ संसद की सदस्य संख्या, राज्यों की विधानसभाओं का आकार, चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं और आरक्षित सीटों की व्यवस्था नए सिरे से प्रभावित हो सकती है। लिहाजा यह केवल सीटों का विस्तार नहीं, बल्कि लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व की नई परिभाषा तय करने की कोशिश है। 

जनसंख्या बढ़ी, प्रतिनिधित्व का सवाल पुराना हुआ

लोकतंत्र में हर नागरिक के वोट का महत्व बराबर माना जाता है, लेकिन प्रतिनिधित्व का व्यावहारिक गणित हमेशा इतना सरल नहीं रहा। देश में किसी एक लोकसभा क्षेत्र की आबादी लाखों में है तो दूसरे क्षेत्र की आबादी उससे काफी कम हो सकती है। दोनों क्षेत्रों से एक-एक सांसद चुना जाता है, लेकिन उनके जिम्मे मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर होता है। यही वह आधार है, जहां से परिसीमन की जरूरत पैदा होती है।

देश में आबादी का वितरण समान नहीं है। कुछ राज्यों में जनसंख्या वृद्धि की दर अपेक्षाकृत अधिक रही है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। दूसरी तरफ शहरों का विस्तार, ग्रामीण आबादी का पलायन और नए शहरी केंद्रों का विकास पुराने निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को भी अप्रासंगिक बनाता रहा है।

ऐसे में परिसीमन का उद्देश्य केवल सीटें बढ़ाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं का प्रतिनिधित्व अधिक संतुलित हो। सवाल यह है कि इस प्रक्रिया में जनसंख्या को कितना महत्व दिया जाए और राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी को किस तरह सुरक्षित रखा जाए। भारत में इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

परिसीमन क्या है, कौन करता है और कैसे तय होती हैं सीटें?

परिसीमन का अर्थ है लोकसभा और विधानसभा के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण। इसके तहत यह तय किया जाता है कि किस क्षेत्र के गांव, कस्बे और शहर किस संसदीय या विधानसभा क्षेत्र में शामिल होंगे। साथ ही आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और उनकी स्थिति भी निर्धारित की जाती है। इसके लिए परिसीमन आयोग गठित किया जाता है। आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश करते हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त या उनके द्वारा नामित निर्वाचन आयुक्त तथा संबंधित राज्यों के निर्वाचन आयुक्त भी इसमें भूमिका निभाते हैं।

आयोग जनसंख्या के आंकड़ों, भौगोलिक परिस्थितियों, प्रशासनिक सीमाओं और क्षेत्रीय निरंतरता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखता है। इसके बाद प्रस्तावित निर्वाचन क्षेत्रों पर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जा सकते हैं। सुनवाई के बाद आयोग अंतिम आदेश जारी करता है। इस प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि परिसीमन आयोग के अंतिम आदेशों को कानूनी मान्यता प्राप्त होती है और उन्हें अदालत में चुनौती देने की सामान्य गुंजाइश नहीं होती। इसलिए आयोग की भूमिका केवल तकनीकी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

1971 की जनगणना से शुरू हुई सीटों की कहानी, अब 2026 में नया मोड़

आजादी के बाद भारत में परिसीमन की प्रक्रिया कई बार अपनाई गई। पहले परिसीमन आयोग का गठन 1952 में हुआ। इसके बाद 1963 और 1973 में आयोगों ने निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण किया। तीसरे आयोग ने 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों की व्यवस्था तय की। इसके बाद 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए लोकसभा और विधानसभाओं में राज्यों की सीटों के आवंटन को 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर कर दिया गया। इसके पीछे तर्क था कि जिन राज्यों ने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रयास किए हैं, उन्हें कम जनसंख्या वृद्धि के कारण संसद में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के नुकसान का सामना न करना पड़े।

बाद में 84वें संविधान संशोधन के जरिए इस रोक को आगे बढ़ाया गया। वर्ष 2001 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की अनुमति दी गई, लेकिन राज्यों के बीच सीटों के कुल आवंटन को नहीं बदला गया। 2008 में इस प्रक्रिया के आधार पर अधिकांश राज्यों में नई चुनावी सीमाएं लागू हुईं।

अब सरकार का नया प्रस्ताव इस व्यवस्था को एक नए चरण में ले जाने की कोशिश है। इसमें सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ राज्यों के बीच मौजूदा हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने और महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने की योजना शामिल है। 

लोकसभा में 543 से 816 सीटें: क्या बदलेगा संसद का गणित?

नए प्रस्ताव का सबसे प्रत्यक्ष असर लोकसभा की सदस्य संख्या पर पड़ने वाला है। अभी लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। सरकार इन्हें 50 प्रतिशत बढ़ाकर 816 तक ले जाने की तैयारी में है। इसके लिए लोकसभा की अधिकतम संवैधानिक क्षमता भी 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान है।

इस बदलाव के पीछे एक तर्क यह है कि देश की आबादी और लोकतांत्रिक आकांक्षाएं जिस तेजी से बढ़ी हैं, उस अनुपात में संसद की सदस्य संख्या नहीं बढ़ी है। 1970 के दशक के बाद से लोकसभा की सीटों की कुल संख्या लगभग स्थिर रही है, जबकि देश की आबादी में कई गुना वृद्धि हो चुकी है।

इसका अर्थ यह होगा कि अधिक सांसदों के जरिए अधिक क्षेत्रों को संसद में प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। किसी सांसद के निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं का दबाव कम हो सकता है और स्थानीय समस्याओं को संसद तक पहुंचाने के लिए अधिक जनप्रतिनिधि उपलब्ध होंगे।

लेकिन इस बदलाव का दूसरा पहलू भी है। संसद का आकार बढ़ने से संसदीय समितियों, सदन में चर्चा, बैठने की व्यवस्था, संसदीय कर्मचारियों और प्रशासनिक संसाधनों की जरूरत भी बढ़ेगी। केवल सांसदों की संख्या बढ़ा देना संसदीय कामकाज की गुणवत्ता बढ़ने की गारंटी नहीं है। असली चुनौती यह होगी कि बड़ा सदन अधिक प्रभावी और जवाबदेह भी बने।

राज्यों की विधानसभा सीटें भी बढ़ेंगी, यूपी में 403 से 605 का गणित

परिसीमन का असर केवल लोकसभा तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार के प्रस्ताव में राज्यों की विधानसभाओं की सदस्य संख्या में भी 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। विधानसभा सदस्यों की अधिकतम संवैधानिक सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।

उत्तर प्रदेश इसका सबसे बड़ा उदाहरण हो सकता है। देश की सबसे बड़ी विधानसभा में अभी 403 सदस्य हैं। प्रस्ताव के अनुसार 50 प्रतिशत वृद्धि का सांकेतिक गणित इसे लगभग 605 तक पहुंचा सकता है।

इसी तरह अन्य राज्यों की विधानसभाओं में भी सदस्यों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि वास्तविक संख्या निर्धारित करते समय संवैधानिक सीमा और संबंधित राज्य के लिए लागू प्रावधानों का ध्यान रखना होगा।

इस बदलाव से राज्य की राजनीति में कई नए समीकरण बनेंगे। राजनीतिक दलों को अधिक उम्मीदवारों की जरूरत होगी। विधानसभा क्षेत्रों का आकार और सीमाएं बदल सकती हैं। नए राजनीतिक चेहरों को चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकता है। वहीं पुराने नेताओं के सामने अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती होगी।

विधानसभा की सदस्य संख्या बढ़ने का एक संभावित लाभ यह भी है कि बड़े राज्यों में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का दबाव कुछ कम हो सकता है। लेकिन इसके साथ सदन के संचालन, विधायी कामकाज और सरकारी खर्च में वृद्धि की चुनौती भी जुड़ी रहेगी।

दक्षिण भारत की चिंता दूर करने के लिए 50 प्रतिशत वृद्धि का फार्मूला

परिसीमन की बहस में सबसे संवेदनशील प्रश्न उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का रहा है।

इसका कारण जनसंख्या वृद्धि की असमान दर है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में आबादी बढ़ने की रफ्तार अपेक्षाकृत अधिक रही है। दूसरी ओर तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों ने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने में बेहतर प्रदर्शन किया है। यदि केवल नई जनसंख्या के अनुपात में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का आवंटन किया जाता तो उत्तर भारत के राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ने और दक्षिण भारतीय राज्यों की तुलनात्मक हिस्सेदारी घटने की आशंका पैदा होती।

दक्षिण भारतीय दलों की आपत्ति यही रही है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में बेहतर काम किया, उन्हें संसद में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान क्यों उठाना पड़े?

सरकार के नए प्रस्ताव में इसी चिंता का समाधान तलाशने की कोशिश की गई है। सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। साथ ही राज्यों के बीच मौजूदा सीटों के अनुपात को भविष्य की प्रासंगिक जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।

इसका मतलब है कि सीटों की संख्या बढ़ेगी, लेकिन राज्यों के बीच उनकी आनुपातिक हिस्सेदारी को तत्काल जनसंख्या वृद्धि के आधार पर बदलने का प्रस्ताव नहीं है।

उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश में अभी 80 लोकसभा सीटें हैं, जबकि तमिलनाडु में 39। प्रस्ताव के अनुसार उत्तर प्रदेश में सीटें 120 और तमिलनाडु में लगभग 59 हो सकती हैं। दोनों राज्यों की सीटें बढ़ेंगी, लेकिन उनकी मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी में बड़ा बदलाव नहीं होगा। यही इस प्रस्ताव का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक पक्ष है। सरकार ने सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ संघीय संतुलन को बनाए रखने की कोशिश की है। हालांकि इस फार्मूले की संवैधानिक व्याख्या और व्यावहारिक क्रियान्वयन पर बहस अभी बाकी है। 

2011 की जनगणना क्यों बनेगी आधार, जबकि 2027 में होनी है जनगणना?

इस पूरी कवायद में एक बड़ा सवाल जनगणना के आंकड़ों को लेकर भी है। देश में पिछली पूर्ण जनगणना 2011 में हुई थी। 2021 में होने वाली जनगणना कोरोना महामारी के कारण टल गई। अब 2027 की जनगणना की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

ऐसे में सवाल उठता है कि परिसीमन के लिए नई जनगणना के आंकड़ों का इंतजार क्यों नहीं किया जा रहा?

सरकार की प्राथमिकता महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की है। यदि परिसीमन को नई जनगणना के अंतिम आंकड़ों के प्रकाशन तक टाल दिया जाता है तो इस प्रक्रिया में लंबा समय लग सकता है।

नए परिसीमन विधेयक में आयोग को कानून लागू होने की तारीख पर उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का अधिकार देने का प्रस्ताव है। मौजूदा स्थिति में ये आंकड़े 2011 की जनगणना के हैं।

यहां दो अलग-अलग व्यवस्थाओं को समझना जरूरी है। राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के अनुपात को सुरक्षित रखने का आधार 1971 की जनगणना पर आधारित मौजूदा व्यवस्था है। वहीं निर्वाचन क्षेत्रों की भौगोलिक सीमाओं के पुनर्निर्धारण में नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का उपयोग किया जाना है। यानी सरकार ने राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी और निर्वाचन क्षेत्रों की आंतरिक सीमाओं के निर्धारण को दो अलग-अलग विषयों के रूप में रखा है। 

महिला आरक्षण: परिसीमन की पूरी कवायद का सबसे बड़ा सामाजिक पक्ष

परिसीमन के प्रस्ताव को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाने वाला दूसरा बड़ा मुद्दा महिलाओं का आरक्षण है।

सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत संविधान का 106वां संशोधन पारित किया था। इसके जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया।

लेकिन इस कानून को लागू करने के लिए जनगणना और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने की शर्त रखी गई थी। नतीजतन कानून बनने के बावजूद महिलाओं को तत्काल आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया।

अब केंद्र सरकार इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। नए प्रस्ताव का उद्देश्य परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता खोलना है। इसका असर केवल महिला सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं रहेगा। भारतीय राजनीति में उम्मीदवार चयन, राजनीतिक नेतृत्व, दलों के भीतर निर्णय प्रक्रिया और चुनावी प्राथमिकताओं पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।

महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए पहले से आरक्षित सीटों का एक-तिहाई हिस्सा भी शामिल होगा। आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण और रोटेशन परिसीमन आयोग की प्रक्रिया के तहत होगा। हालांकि एक महत्वपूर्ण प्रश्न यह भी है कि क्या केवल सीटें आरक्षित करने से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी में वास्तविक समानता स्थापित हो जाएगी? राजनीतिक दलों में नेतृत्व के अवसर, चुनावी संसाधनों तक पहुंच और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाना भी उतना ही जरूरी होगा। इस लिहाज से महिला आरक्षण भारतीय लोकतंत्र में एक बड़ा अवसर है, लेकिन इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि इसे राजनीतिक व्यवस्था में कितनी गंभीरता से लागू किया जाता है। 

बरेली से दिल्ली तक बदल सकता है चुनावी भूगोल

राष्ट्रीय स्तर पर परिसीमन की चर्चा के बीच इसका असर जिलों की राजनीति में भी महसूस किया जाएगा। बरेली इसका एक उदाहरण है।

बरेली जिले में अभी बरेली और आंवला दो लोकसभा क्षेत्र हैं। विधानसभा की सात सीटें हैं- बरेली शहर, बरेली कैंट, भोजीपुरा, नवाबगंज, मीरगंज, बिथरी चैनपुर और आंवला।

परिसीमन आयोग के सामने इन क्षेत्रों की सीमाओं की समीक्षा का सवाल आएगा। आबादी के वितरण, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक सीमाओं के आधार पर गांवों और शहरी वार्डों को एक निर्वाचन क्षेत्र से दूसरे में स्थानांतरित किया जा सकता है।

इसका सीधा असर स्थानीय राजनीति पर पड़ेगा। जिस नेता का राजनीतिक आधार किसी विशेष गांव, कस्बे या शहरी इलाके में मजबूत है, वह क्षेत्र नए निर्वाचन क्षेत्र में शामिल हो सकता है। इससे उसके चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। इसी तरह आरक्षित सीटों के निर्धारण में बदलाव होने पर किसी सामान्य सीट का आरक्षित होना और किसी आरक्षित सीट का सामान्य श्रेणी में आना भी संभव है।

हालांकि बरेली में कितनी सीटें बढ़ेंगी या कौन-सा गांव किस क्षेत्र में शामिल होगा, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक निर्वाचन क्षेत्रवार खाका उपलब्ध नहीं है। यह काम परिसीमन आयोग के आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।

अप्रैल में क्यों अटक गया था सरकार का प्रस्ताव?

परिसीमन का मुद्दा पहली बार इस साल अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान सामने आया था। उस समय केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने के उद्देश्य से संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था। लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध किया। विपक्ष की मुख्य आपत्ति यह थी कि महिला आरक्षण को परिसीमन और जनगणना से जोड़कर लागू करने में देरी नहीं की जानी चाहिए। साथ ही यह आशंका भी जताई गई कि परिसीमन से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बिगड़ सकता है।

16 अप्रैल को पेश संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। संविधान संशोधन के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। इस तरह सरकार को आवश्यक समर्थन नहीं मिल सका। अब सरकार ने नया प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान जोड़कर दक्षिण भारतीय राज्यों की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की गई है।

यानी अप्रैल में जिस मुद्दे पर राजनीतिक सहमति नहीं बन सकी थी, नवंबर में सरकार उसी प्रस्ताव को नए राजनीतिक और संवैधानिक फार्मूले के साथ संसद के सामने रखने जा रही है। 

क्या 2029 के चुनाव से पहले पूरी हो जाएगी परिसीमन की प्रक्रिया?

सरकार की कोशिश 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण की व्यवस्था लागू करने की है। लेकिन इसके सामने समय की बड़ी चुनौती है। पहले संसद में विधेयकों को पारित कराना होगा। इसके बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। आयोग को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करनी होंगी। इसके बाद आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण और संबंधित आदेशों की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

यह कोई कुछ सप्ताह में पूरी होने वाली प्रक्रिया नहीं है। सरकारी अधिकारियों के हवाले से आई खबरों में परिसीमन के काम में कम से कम दो साल लगने की संभावना जताई गई है। इसलिए 2029 का चुनाव इस पूरी कवायद के लिए महत्वपूर्ण समयसीमा बन गया है। अगर संसद से विधेयक पारित होने में देरी होती है या आयोग की प्रक्रिया लंबी खिंचती है तो महिला आरक्षण और नई सीटों की व्यवस्था लागू करने का समय भी प्रभावित हो सकता है। 

परिसीमन के बाद भारतीय राजनीति में पांच बड़े बदलाव

इस पूरी प्रक्रिया के दूरगामी प्रभावों को पांच प्रमुख बिंदुओं में समझा जा सकता है।

1. संसद में प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा: लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ने से अधिक प्रतिनिधियों को संसद में जगह मिलेगी। इससे क्षेत्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के अवसर बढ़ सकते हैं।

2. राज्यों की राजनीति का ढांचा बदलेगा: विधानसभा सीटें बढ़ने से नए चुनाव क्षेत्र बन सकते हैं। राजनीतिक दलों को नए उम्मीदवार तलाशने होंगे और कई पुराने नेताओं के चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।

3. महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी: 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने पर संसद और विधानसभाओं में महिला प्रतिनिधियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

4. आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदलेगा: अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का नए सिरे से निर्धारण होगा। इससे इन वर्गों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का भूगोल भी प्रभावित हो सकता है।

5. केंद्र और राज्यों के बीच राजनीतिक बहस तेज होगी: राज्यों की हिस्सेदारी, जनसंख्या नियंत्रण, प्रतिनिधित्व की समानता और संघीय व्यवस्था जैसे मुद्दे आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में रहेंगे।

सबसे बड़ा सवाल: क्या सीटें बढ़ाने से लोकतंत्र मजबूत होगा?

परिसीमन के समर्थन में सबसे मजबूत तर्क यह है कि देश की आबादी और निर्वाचन क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आ चुका है। ऐसे में दशकों पुरानी सीट व्यवस्था को स्थायी बनाए रखना उचित नहीं है।

लेकिन इसके विरोध में यह सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि क्या प्रतिनिधित्व की समानता केवल जनसंख्या के आधार पर तय की जा सकती है? क्या किसी राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी का निर्धारण करते समय उसके जनसंख्या नियंत्रण, विकास और राष्ट्रीय नीतियों में योगदान को भी महत्व नहीं मिलना चाहिए? दक्षिण भारत की चिंता इसी प्रश्न से जुड़ी है। वहीं महिला आरक्षण को लेकर यह सवाल है कि क्या संसद में महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए परिसीमन का इंतजार जरूरी था?

इन सवालों के आसान जवाब नहीं हैं। सरकार के नए प्रस्ताव में इनका समाधान तलाशने की कोशिश जरूर की गई है, लेकिन प्रस्तावित व्यवस्था की वास्तविक परीक्षा संसद की बहस, संवैधानिक प्रक्रिया और परिसीमन आयोग के कामकाज में होगी।

आखिरकार परिसीमन का मकसद केवल संसद की कुर्सियां बढ़ाना नहीं होना चाहिए। इसका उद्देश्य ऐसा लोकतांत्रिक ढांचा तैयार करना होना चाहिए, जिसमें देश के हर हिस्से को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व मिले, महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में बराबर का अवसर मिले और राज्यों के बीच विश्वास बना रहे। भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में लोकतंत्र की मजबूती केवल इस बात से तय नहीं होगी कि संसद में कितने सांसद बैठते हैं, बल्कि इससे तय होगी कि उन सांसदों के माध्यम से देश के कितने लोगों की आवाज प्रभावी ढंग से सुनी जाती है।

परिसीमन की यह कवायद तीन बड़े सवालों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश है:

• प्रतिनिधित्व की समानता: बढ़ती आबादी के हिसाब से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन।

• संघीय संतुलन: उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी की सुरक्षा।

• राजनीतिक समानता: संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना।

विज्ञापनयहाँ आपका विज्ञापनउत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पाठकों तक पहुंचें

यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं

अपनी खबरें इस नंबर पर भेजें: 97629 19516किसी कार्यक्रम या घटना की खबर, फोटो और वीडियो हमें व्हाट्सऐप करें।

इससे जुड़ी खबरें

खबर भेजें