विहिप ने हिंदू समाज की घटती जन्मदर और विवाह की बढ़ती उम्र पर जताई चिंता
विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने बरेली प्रवास में हित चिंतक अभियान के तहत व्यापारियों, युवाओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं।
बरेली प्रवास पर पहुंचे विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे
बैठकों और कार्यक्रमों में हुए शामिल, दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
बरेली। विश्व हिंदू परिषद के देशव्यापी हित चिंतक अभियान के तहत केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद श्रीकांत परांडे बरेली के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर हुई बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया तथा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करते हुए उनसे संगठन से जुड़ने का आग्रह किया।
वसुधैव कुटुम्बकम और संस्कारों की बात करता है भारत
प्रवास की शुरुआत उद्यमी घनश्याम खंडेलवाल के आवास पर हुई व्यवसायी बैठक से हुई, जहां मिलिंद परांडे ने हिंदू समाज की घटती जन्मदर और विवाह की बढ़ती उम्र पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की जन्मदर घटकर 1.9 प्रतिशत रह गई है, जो गंभीरता से विचार करने का विषय है।
इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का ऐसा देश है जो वसुधैव कुटुम्बकम और संस्कारों की बात करता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि विदेशों में शिक्षा और रोजगार हासिल करने के साथ-साथ उन्हें अपने देश की तरक्की की भी फिक्र करनी चाहिए। विश्वविद्यालय के कुलपति पार्थ गौतम ने विद्यार्थियों से हित चिंतक बनने का आह्वान किया।
'निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करें कार्यकर्ता'
महानगर बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने और परिवार व प्रकृति के संरक्षण की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत हर हिंदू परिवार तक पहुंचने का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद उन्होंने होटल मिडटाउन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की और अपील की, कि प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी अभियान से जोड़ा जाए।
प्रवास के दौरान उनका रात्रि विश्राम महानगर सामाजिक समरसता प्रमुख कपिल चंदानी के यहां रहा, जबकि अंतिम कार्यक्रम डॉ. मयंक रस्तोगी के आवास पर हुआ। बैठकों का संचालन महानगर मंत्री संजय शुक्ला ने किया। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री राजेश कुमार, विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह सोम, विभाग मंत्री मानवेंद्र सिंह राणा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








