अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के लिए नया ड्रेस कोड लागू, बिना जेब वाली डांगरी पहनेंगे कर्मचारी
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की रकम की गिनती के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब कर्मचारियों को बिना जेब वाली विशेष डांगरी पहननी होगी। काउंटिंग रूम में सुरक्षा, जांच और निगरानी के लिए भी कई स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं।
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला खुलने के बाद अब वहां दान की रकम की गिनती विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा रही है। नकदी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और काउंटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कई बदलाव किए हैं। इसके तहत अब चढ़ावे की रकम गिनने वाले कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाली विशेष डांगरी पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था लागू हुए करीब एक पखवाड़ा से लागू हो गई है।
कई लेयर की हुई सुरक्षा व्यवस्था
मंदिर में चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता की आशंका को रोकने के लिए सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं। काउंटिंग रूम में होने वाली पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है।
इसके लिए एसआईएस सिक्योरिटी के पांच कर्मचारियों को तैनात किया गया है। वहीं, चढ़ावा चोरी से जुड़े मामले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई है।
काउंटिंग के दौरान मौजूद रहते हैं बैंक और ट्रस्ट के प्रतिनिधि
चढ़ावे की नकदी की गिनती केवल एक विभाग या संस्था के कर्मचारियों की निगरानी में नहीं होती। इस प्रक्रिया में दो बैंककर्मी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दो प्रतिनिधि भी शामिल रहते हैं। इसके अलावा सुरक्षा एजेंसी और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरी काउंटिंग प्रक्रिया संपन्न कराई जाती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य रकम की गिनती को अधिक पारदर्शी बनाना और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
कर्मचारियों की एंट्री और जांच के नियम सख्त
नई व्यवस्था के तहत काउंटिंग में शामिल कर्मचारियों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया है। अब काउंटिंग रूम में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों की तीन स्तर पर एंट्री दर्ज की जाती है। इसके साथ ही दो अलग-अलग स्थानों पर उनकी जांच भी होती है। बिना जेब वाली डांगरी पहनने का नियम भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है।
इन बदलावों के जरिए काउंटिंग रूम में अनधिकृत सामान ले जाने और नकदी के किसी भी तरह के दुरुपयोग की आशंका को कम करने का प्रयास किया गया है। राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती से जुड़ी यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की ओर से दिए जाने वाले दान की सुरक्षा और पूरी प्रक्रिया पर निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








