यूपी की सियासत में बिरयानी पर सियासी तड़का!
हैदराबादी बिरयानी बनाम मटर पुलाव, आजम खान और ओवैसी के बीच जुबानी जंग की चर्चा
उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों हैदराबादी बिरयानी की खूब चर्चा हो रही है। शुरुआत हुई असदुद्दीन ओवैसी के हैदराबादी बिरयानी वाले जिक्र से, लेकिन जवाब देने के लिए सामने आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान। आजम खान ने बिरयानी के जवाब में पुलाव और मटन बिरयानी की बात कह दी। इसके बाद ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी बरेली में हैदराबादी बिरयानी की दावत देकर इस सियासी चर्चा को नया रंग दे दिया।
अब सवाल उठ रहा है कि क्या यूपी की राजनीति में आजम खान और ओवैसी के बीच सियासी टकराव की नई शुरुआत हो रही है? उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम समाज के बीच राजनीतिक नेतृत्व को लेकर बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। इस सियासी बहस में अब हैदराबादी बिरयानी और पुलाव की भी एंट्री हो गई है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने रामपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, बल्कि यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं। उनके इस बयान को ओवैसी की यूपी में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता पर तंज के तौर पर देखा गया।
आजम खान के इस बयान के बाद AIMIM ने भी अपने अंदाज में जवाब दिया। बरेली में पार्टी के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी ने अपने जनसंपर्क कार्यालय पर हैदराबादी बिरयानी की दावत आयोजित की। इसमें पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस आयोजन को आजम खान के बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
लेकिन इस पूरी बिरयानी वाली सियासत के पीछे कहानी सिर्फ खानपान तक सीमित नहीं है। दरअसल, आजम खान की जेल से रिहाई के बाद उनके बयानों ने यूपी की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। एक तरफ ओवैसी यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं, तो दूसरी तरफ आजम खान भी मुस्लिम समाज के बीच अपनी राजनीतिक भूमिका और प्रभाव को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं।
आजम खान ने पहले ओवैसी की दाढ़ी और मौलाना कहे जाने को लेकर भी टिप्पणी की थी। वहीं, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि चंद्रशेखर मुस्लिम समाज के वोटों के समर्थन से सांसद बने हैं, इसलिए उन्हें इस बात को नहीं भूलना चाहिए।
वहीं, ओवैसी भी आजम खान के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा बिरयानी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता और उसके सवाल हैं।
ऐसे में अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की राजनीति में एक नई बहस देखने को मिल रही है। क्या आजम खान और असदुद्दीन ओवैसी के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी? क्या चंद्रशेखर आजाद भी इस सियासी समीकरण का अहम हिस्सा बनेंगे? फिलहाल हैदराबादी बिरयानी की यह दावत राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय जरूर बन गई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






