Rohtak Gangwar: रोहतक के मिलन ढाबे पर खूनी गैंगवार, ताबड़तोड़ फायरिंग में 4 युवकों की मौत से मचा हड़कंप
Rohtak Gangwar: हरियाणा के रोहतक में खरावड़ स्थित मिलन ढाबे पर देर रात भीषण गैंगवार हुई। बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच गोलीबारी में चार युवकों की मौत हो गई है।
Rohtak Gangwar: हरियाणा के रोहतक में गुरुवार को गैंगवार की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मिलन ढाबे पर दो आपराधिक गिरोहों के सदस्यों के बीच हिंसक टकराव हो गया। बताया जा रहा है कि बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े बदमाशों के बीच हुई इस भिड़ंत के दौरान जमकर फायरिंग हुई। गोलीबारी में चार युवकों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
रात के सन्नाटे में गूंजती रहीं गोलियां, चार की मौत से दहला इलाका
जानकारी के मुताबिक, रोहतक के मिलन ढाबे पर यह खूनी वारदात देर रात करीब एक बजे हुई। बताया जा रहा है कि बाबा और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े लोगों का आमना-सामना होने के बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में चार युवकों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
चारों मृतकों की पहचान हुई, तीन एक ही गांव के निवासी
रोहतक के खरावड़ क्षेत्र स्थित मिलन होटल में हुई गोलीबारी में जान गंवाने वाले चारों युवकों के नाम सामने आ गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के गांव डिघल से ताल्लुक रखते थे, जबकि चौथा युवक बेरी का रहने वाला था। मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर, विनीत पुत्र जयबीर, गंजू निवासी डिघल और हिमांशु पुत्र राजबीर निवासी बेरी के तौर पर हुई है। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






