परिसीमन बिल के खिलाफ वोट करेगी सपा, अखिलेश यादव ने सांसदों को जारी किया थ्री-लाइन व्हिप
संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह संसद में केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का विरोध करेगी।
नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह संसद में केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का विरोध करेगी। पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने का निर्देश दिया है। लोकसभा में सपा के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव की ओर से जारी व्हिप में सांसदों को सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ मतदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
अखिलेश यादव ने बुलाई संसदीय दल की बैठक
संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र को देखते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह दिल्ली में पार्टी के संसदीय दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सदन के भीतर पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी। लोकसभा में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद हैं। ऐसे में परिसीमन विधेयक पर पार्टी का रुख विपक्ष की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन इसके नाम पर परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाने बदलाव नहीं होने चाहिए। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन विधेयक लाना चाहती है। इसी वजह से पार्टी सदन में इसका विरोध करेगी।
परिसीमन बिल में क्या है प्रस्ताव?
केंद्र सरकार के प्रस्तावित संशोधित परिसीमन विधेयक, 2026 और इससे जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का प्रावधान बताया गया है। इसके साथ महिला आरक्षण को लागू करने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इस विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। विपक्षी दलों को आशंका है कि परिसीमन के जरिए चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बदलाव हो सकता है।
कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने भी जारी किए व्हिप
परिसीमन विधेयक के विरोध में विपक्षी दल भी अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। सपा से पहले तृणमूल कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) भी अपने लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर चुकी हैं।
खरगे की स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात की तैयारी
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA में भी बातचीत तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करने की तैयारी में हैं। इस दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के भी उनके साथ जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व पहले चेन्नई और फिर मुंबई जाकर सहयोगी दलों से बातचीत करेगा। डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के रुख को लेकर विपक्ष की रणनीति महत्वपूर्ण हो गई है। खबरों के मुताबिक, इन दोनों दलों के कुल 30 सांसद हैं। ऐसे में परिसीमन विधेयक पर उनका समर्थन या विरोध संसद में संख्या बल के लिहाज से अहम हो सकता है। अब सभी की नजरें संसद के विशेष सत्र पर टिकी हैं। देखना होगा कि विपक्षी दल सरकार के प्रस्तावित विधेयक को रोकने के लिए एकजुट हो पाते हैं या नहीं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






