गुरुग्राम: एक कश पड़ेगा भारी, सार्वजनिक जगहों पर सिगरेट पीने पर लगेगा 200 रुपये का जुर्माना
गुरुग्राम नगर निगम ने सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को नो-स्मोकिंग जोन घोषित किया है। नियम तोड़ने पर 200 रुपये तक जुर्माना लगेगा।
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू का सेवन करने वालों के लिए नगर निगम ने सख्त नियम लागू किए हैं। शहर में स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को धूम्रपान के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से नगर निगम ने अपने दायरे में आने वाले सभी सार्वजनिक स्थानों को धूम्रपान मुक्त क्षेत्र घोषित किया है। अब खुलेआम सिगरेट या बीड़ी पीना लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये तक का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी रहेगी पाबंदी
नगर निगम के नए निर्देशों के मुताबिक, शहर के पार्क, बाजार, बस स्टॉप, सार्वजनिक परिवहन स्थल, खेल परिसर और अन्य सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान की अनुमति नहीं होगी। नगर निगम के कार्यालयों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक सुविधाओं वाले परिसरों में भी इन नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट और बीड़ी पीने के अलावा तंबाकू का सेवन कर इधर-उधर थूकने तथा सिगरेट के टुकड़े फेंकने जैसी गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता के लिए लगाए जाएंगे सूचना बोर्ड
नगर निगम अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 15 दिनों की समयसीमा तय की गई है। संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






