UP Election 2027: CJP चुनाव मैदान में उतरेगी या नहीं, अभिजीत दिपके ने बताया प्लान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने साफ किया कि पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल को समर्थन देगी। उन्होंने जाति-धर्म की राजनीति के बजाय युवाओं के मुद्दों पर चुनाव कराने की पैरवी की।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी पार्टी आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में न तो खुद चुनाव लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल या गठबंधन को समर्थन देगी। पार्टी चुनावी राजनीति से दूरी बनाए रखते हुए युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने की पक्षधर है।
राजनीतिक विमर्श पर उठाया सवाल
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिजीत दिपके ने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव जाति और धर्म के बजाय युवाओं के भविष्य, रोजगार, तकनीक और विकास जैसे मुद्दों पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक विमर्श पर सवाल उठाते हुए कहा कि, दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे विषयों पर आगे बढ़ रही है, जबकि भारत में अब भी चुनाव जाति और धर्म के आधार पर लड़े जा रहे हैं।
सरकार पर लगाया आरोप
CJP संस्थापक ने पार्टी के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके जाने के मामले में भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर सौरव दास की विदेश यात्रा में बाधा डाली, क्योंकि एक एक्टिविस्ट के रूप में उनकी पहचान बढ़ रही है।
दिपके ने कहा कि सौरव दास को 2019 में पासपोर्ट जारी हुआ था और पार्टी की स्थापना से पहले वह दो बार विदेश यात्रा भी कर चुके थे। ऐसे में उन्हें जारी किए गए नोटिस के समय और उसके औचित्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सौरव दास को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में संबोधन देना था।
26 नवंबर को नागपुर में होगी रैली
अभिजीत दिपके ने 26 नवंबर को नागपुर में 'लोकतंत्र और संविधान बचाओ' रैली आयोजित करने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के स्कूल का लाइसेंस रद्द किए जाने की खबरों की आलोचना की और इसे शिक्षा के हितों के खिलाफ बताया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






