SCO मंच पर पाकिस्तानी मंत्री का बयान, बोले- 'आतंकवाद पर बात सबूतों के आधार पर हो'
SCO के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा कि, आतंकवाद पर चर्चा सबूतों के आधार पर हो और इसके लिए साझा फोरम बने।
नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, इस विषय पर किसी भी तरह की चर्चा ठोस सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उनके मुताबिक पूरा क्षेत्र आतंकवाद की चपेट में है, इसलिए इसका समाधान भी सभी देशों को मिलकर निकालना होगा।
पाकिस्तान में हर रोज जा रही है लोगों की जान
मलिक ने कहा, मैंने कल भी कहा था कि, जब भी इस पर बात होगी, सबूतों के आधार पर होगी। मैं इस पर बहस करने नहीं आया हूं। उन्होंने दावा किया कि, पाकिस्तान में हजारों लोग आतंकवाद का शिकार हुए हैं और वहां रोजाना लोगों की जान जा रही है। उनका कहना था कि, इसका एकमात्र हल यही है कि सभी पक्ष अपने-अपने सबूत एक-दूसरे के सामने रखें।
साझा फोरम बनाने की वकालत की
पाकिस्तानी मंत्री ने समाधान के लिए एक साझा फोरम बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा मंच होना चाहिए, जहां सभी सबूत सामने रखे जा सकें और उन्हीं के आधार पर हर मुद्दे का हल निकाला जाए। मलिक ने यह भी कहा कि, आतंकवाद से निपटने में अगर किसी देश का सबसे बड़ा हित है, तो वह पाकिस्तान का है। अपने बयान के अंत में उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान चाहता है कि, हर बात सबूतों के साथ सामने आए, ताकि सभी देश मिलकर आतंकवाद का मुकाबला कर सकें और उसे पूरी तरह खत्म कर सकें।
पहलगाम हमले के बाद पहली यात्रा
गौरतलब है कि, 2025 में हुए पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। इस तनाव के बीच यह पहली बार है, जब कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत की यात्रा पर आया है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में ‘सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां’ विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए मलिक ने कहा कि संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधताओं के बीच होता है और वे इसी संवाद के लिए यहां आए हैं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






