शनिवार, 21 नवंबर 2026

ब्रेकिंग
माई नेशन की नई वेबसाइट पर आपका स्वागत है, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर एक जगह रोज़ का ई-पेपर अब वेबसाइट पर, मोबाइल पर भी आसानी से पढ़ें अपने क्षेत्र की खबर भेजने के लिए "खबर भेजें" बटन दबाएं ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें करीबी रिश्तों में शादी पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम, बच्चों की सेहत के खतरे पर केंद्र से मांगा जवाब शिक्षकों के लिए बड़ी राहत: विशेष टीईटी का परिणाम आया, घर बैठे डाउनलोड करें प्रमाण-पत्र दुश्मन की गोली ही नहीं अपनी बंदूक से गलती से घायल होने पर भी मिलेगी युद्ध पेंशन, सुप्रीम कोर्ट का फैसला नेहा बिष्ट के घर में घुसे युवक की मौत का मामला, पिता समेत दो गिरफ्तार, एकतरफा प्यार से जुड़ा है विवाद मां को अंतिम विदाई देते वक्त छलके CM योगी के आंसू, पैतृक गांव पंचूर से सामने आया भावुक वीडियो वाराणसी हॉस्टल में 12 साल की स्नेहा की मौत, सुसाइड नोट में टीचर और वार्डन पर गंभीर आरोप
देश

3 साल में 56 हजार करोड़ रुपए से अधिक की साइबर ठगी: डिजिटल गिरफ्तारी, फर्जी निवेश और नौकरी के नाम पर बनाया निशाना

Cyber Crime: गृह मंत्रालय की ओर से संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में वित्तीय साइबर ठगी की 2.62 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज हुई थीं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 24.02 लाख से ज्यादा हो गई।

3 साल में 56 हजार करोड़ रुपए से अधिक की साइबर ठगी: डिजिटल गिरफ्तारी, फर्जी निवेश और नौकरी के नाम पर बनाया निशाना
Cyber Crime-सोशल मीडिया
6 मिनट में पढ़ें

Cyber Crime: मोबाइल और इंटरनेट ने लोगों की जिंदगी आसान बना दी है, लेकिन साइबर अपराधी इसी सुविधा का फायदा उठाकर लोगों की मेहनत की कमाई लूट रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी मांगा जाता है तो कभी पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाया जाता है। फर्जी निवेश, ऑनलाइन नौकरी और सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

साइबर ठगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर वित्तीय धोखाधड़ी की 53.87 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 56,087 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की बात सामने आई। गृह मंत्रालय के जुलाई 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान 9,079 करोड़ रुपये से अधिक की रकम को बैंकों में रोकने के लिए चिह्नित किया गया, जबकि पीड़ितों को करीब 206 करोड़ रुपये वापस मिले। ये आंकड़े बताते हैं कि साइबर ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा हो चुका है। ठगी की रकम को रोकना और पीड़ितों तक वापस पहुंचाना अब भी बड़ी चुनौती है।

हर साल बढ़ रही साइबर ठगी की शिकायतें

गृह मंत्रालय की ओर से संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में वित्तीय साइबर ठगी की 2.62 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज हुई थीं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 24.02 लाख से ज्यादा हो गई।

डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर दिखाते हैं डर

साइबर ठगी का एक खतरनाक तरीका डिजिटल गिरफ्तारी है। इसमें ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, एनआईए या किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हैं। फोन या वीडियो कॉल पर लोगों को बताया जाता है कि उनके आधार कार्ड, बैंक खाते या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि में हुआ है। इसके बाद गिरफ्तारी और जेल भेजने की धमकी दी जाती है। कई बार फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेज भी दिखाए जाते हैं। पीड़ित को लगातार वीडियो कॉल पर रहने और किसी से बात नहीं करने के लिए कहा जाता है। फिर जांच के नाम पर बैंक खाते में जमा रकम दूसरे खाते में भेजने का दबाव बनाया जाता है। ध्यान रखें: कोई भी असली पुलिस या जांच एजेंसी वीडियो कॉल पर डिजिटल गिरफ्तारी नहीं करती और न ही जांच के नाम पर निजी खाते में पैसे जमा कराने को कहती है।

मोटे मुनाफे का लालच देकर निवेश के नाम पर ठगी

ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लोगों को शेयर बाजार, आईपीओ और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देते हैं। कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया जाता है। शुरुआत में छोटी रकम लगाने पर फर्जी एप में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता है। इससे लोगों का भरोसा बढ़ता है और वे बड़ी रकम निवेश कर देते हैं। जब पैसा निकालने की बारी आती है तो टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर और पैसे मांगे जाते हैं। इसके बाद ठग संपर्क तोड़ देते हैं।

नौकरी और ऑनलाइन टास्क के नाम पर भी जाल

नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को भी ठग निशाना बना रहे हैं। घर बैठे काम, अच्छी तनख्वाह और ऑनलाइन टास्क के नाम पर लोगों से संपर्क किया जाता है। शुरुआत में रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी मनी या ट्रेनिंग फीस मांगी जाती है। ऑनलाइन टास्क फ्रॉड में वीडियो देखने, होटल को रेटिंग देने और सोशल मीडिया पर लाइक करने जैसे काम दिए जाते हैं। शुरुआत में छोटी रकम वापस कर भरोसा जीता जाता है। इसके बाद बड़े टास्क के नाम पर हजारों और लाखों रुपये जमा करा लिए जाते हैं।

बैंक अधिकारी बनकर मांगते हैं ओटीपी और पिन

ठग बैंक अधिकारी बनकर फोन करते हैं और खाते की केवाईसी अपडेट करने, एटीएम बंद होने या बैंक खाता ब्लॉक होने का डर दिखाते हैं। इसके बाद ओटीपी, एटीएम नंबर, सीवीवी और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी मांगते हैं। कई बार मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर बैंक की जानकारी भरवाई जाती है। बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, यूपीआई पिन या पासवर्ड नहीं मांगता। इसलिए अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर मांगते हैं पैसे

साइबर अपराधी किसी परिचित या रिश्तेदार की फोटो लगाकर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना लेते हैं। इसके बाद उनके दोस्तों और रिश्तेदारों को बीमारी, दुर्घटना या किसी जरूरी काम का हवाला देकर पैसे मांगते हैं। कुछ मामलों में असली सोशल मीडिया अकाउंट हैक करके भी लोगों से रकम मांगी जाती है। अब आवाज और वीडियो की नकल करने वाली डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल भी ठगी में किया जा सकता है। ऐसा कोई संदेश मिलने पर केवल फोटो या आवाज के आधार पर भरोसा न करें। संबंधित व्यक्ति को उसके पुराने मोबाइल नंबर पर फोन करके पुष्टि जरूर करें।

एक साल में 18 प्रतिशत बढ़े साइबर अपराध के मामले

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में देश में साइबर अपराध के 86,420 मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 1,01,928 हो गई। यानी एक साल में करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

साइबर ठगी रोकने के लिए 11,158 करोड़ रुपये बचाने का दावा

साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए गृह मंत्रालय और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत बैंकों और भुगतान सेवा प्रदाताओं के साथ मिलकर ठगी की रकम को दूसरे खातों में जाने से रोकने की कोशिश की जाती है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, 30 जून 2026 तक सिटिजन फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए 32.80 लाख से अधिक शिकायतों में 11,158 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम बचाई गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल

अगर आपके बैंक खाते से साइबर ठगी के जरिए पैसे निकल गए हैं तो बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत करते समय बैंक खाते की जानकारी, ट्रांजेक्शन आईडी, भुगतान का समय, ठग का मोबाइल नंबर और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें। अपने बैंक को भी तुरंत सूचना दें।

विज्ञापनयहाँ आपका विज्ञापनउत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पाठकों तक पहुंचें

यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं

अपनी खबरें इस नंबर पर भेजें: 97629 19516किसी कार्यक्रम या घटना की खबर, फोटो और वीडियो हमें व्हाट्सऐप करें।

इससे जुड़ी खबरें

खबर भेजें