बरेली के BBL पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बरेली के बीबीएल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘अंतराग्नि’ का भव्य आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने नृत्य-संगीत के साथ रामराज्य की शानदार प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।
बरेली। रंगारंग प्रस्तुतियों, भारतीय संस्कृति की झलक और विद्यार्थियों की प्रतिभा से सजा वार्षिकोत्सव ‘अंतराग्नि’ रविवार को अलखनाथ मार्ग स्थित बीबीएल पब्लिक स्कूल में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। कला, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को मंच पर जीवंत करते हुए बच्चों ने अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
भक्तिमय हुआ परिसर
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के संरक्षक अरुण कुमार सिंघल और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद प्रस्तुत की गई मां सरस्वती वंदना से पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की लंबी कड़ी देखने को मिली। ‘सवेरा, विनायक, यूफोरिया, तरंगिणी, अन्न-प्रसादम्, उत्सव, नरसिम्हा और लोक रंग’ जैसी प्रस्तुतियों में बच्चों ने नृत्य, संगीत, लोक परंपराओं और सामाजिक संदेशों का सुंदर तालमेल पेश किया। हर प्रस्तुति पर सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।
रामराज्य रही समारोह की सबसे खास प्रस्तुति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘रामराज्य’ की प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम की मर्यादा, न्यायप्रियता और आदर्श शासन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से मंच पर उतारा। प्रस्तुति के जरिए समाज को श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया और दर्शकों को नैतिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिली।
प्रधानाचार्य ने रखा उपलब्धियों का लेखा-जोखा
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. श्यामेश ने वार्षिक प्रतिवेदन पढ़ते हुए शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के साथ खेलकूद व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में मिली सफलताओं का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि, बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों और अभिभावकों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सभी के सहयोग की सराहना करते हुए अतिथियों का आभार जताया।
प्रबंध समिति ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
विद्यालय के अध्यक्ष सर्वेश कुमार अग्रवाल और प्रबंधक राघव कृष्ण अग्रवाल सहित प्रबंध समिति के सदस्यों ने अतिथियों का आत्मीयता से स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर संरक्षक अरुण कुमार सिंघल, अध्यक्ष सर्वेश कुमार अग्रवाल, प्रबंधक राघव कृष्ण अग्रवाल, माधव कृष्ण अग्रवाल, प्रधानाचार्य डॉ. श्यामेश और प्रशासक दीपक गुप्ता के साथ प्रबंध समिति के अन्य सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मंच संचालन सांबिका अग्रवाल और सुगन्धा कुमरा ने किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ वार्षिकोत्सव ‘अंतराग्नि’ का भव्य समापन हुआ।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






