सोमवार, 23 नवंबर 2026

ब्रेकिंग
माई नेशन की नई वेबसाइट पर आपका स्वागत है, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर एक जगह रोज़ का ई-पेपर अब वेबसाइट पर, मोबाइल पर भी आसानी से पढ़ें अपने क्षेत्र की खबर भेजने के लिए "खबर भेजें" बटन दबाएं ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें Dhruv Rathee Defamation Case: ध्रुव राठी की बढ़ीं मुश्किलें! कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट, जानें मामला Meerut में चरित्र पर शक और बालों में कलर कराने से भड़का पति, पत्नी की काट दी चोटी, तेजाब डालने की भी कोशिश मुंबई:7 साल का रिश्ता तोड़ना पड़ा भारी! डोंबिवली में युवती के परिवार पर मंडराया खतरा, आरोपी गिरफ्तार Gold Price Crash: सोने की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट! रिकॉर्ड हाई से ₹59 हजार टूटा भाव, जानें पूरी डिटेल्स Delhi Fire News: गीता कॉलोनी में कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियां पहुंचीं Bisleri के पानी पर उठे सवाल! बोतल खरीदने से पहले जरूर जांच लें ये 5 बातें, वरना सेहत पड़ सकती है खतरे में
बरेली

पांच घंटे की बैठक के बाद टूटा गतिरोध, भगवान सिंह का अंतिम संस्कार

बरेली के बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की मौत के बाद दो दिन चला गतिरोध खत्म हुआ। प्रशासन ने 10 दिन में 12 एकड़ जमीन वारिसों के नाम कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार हुआ।

पांच घंटे की बैठक के बाद टूटा गतिरोध, भगवान सिंह का अंतिम संस्कार
6 मिनट में पढ़ें

10 दिन में वारिसों के नाम होगी 12 एकड़ जमीन

गिरफ्तारी और दो करोड़ मुआवजे की मांग शासन को भेजेगा प्रशासन

बरेली। दो दिन तक चला इंतजार, गुरुद्वारे में अरदास और न्याय की मांग को लेकर अड़ी सिख संगत की आवाज आखिरकार प्रशासन के आश्वासन के बाद थम गई। बहेड़ी के पचपेड़ा गांव में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के बाद पैदा हुआ गतिरोध रविवार को करीब पांच घंटे की लंबी बातचीत के बाद समाप्त हो गया।

प्रशासन ने विवादित 12 एकड़ कृषि भूमि मृतक के वारिसों के नाम कराने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा और संबंधित सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर भी नियमानुसार कदम उठाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद परिजन और सिख संगत अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच भगवान सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गुरुद्वारे में जुटी संगत, सुरक्षा के बीच शुरू हुई निर्णायक बैठक

रविवार सुबह से ही नैनीताल रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सिख संगत के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 10 बजे से जुटने का सिलसिला तेज हुआ। साढ़े दस बजे मृतक के रिश्तेदार सुखदेव सिंह नामधारी भी उत्तराखंड से पहुंच गए। मामला संवेदनशील होने के कारण गुरुद्वारे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शहर के प्रमुख चौराहों और सरकारी भवनों के आसपास भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

सुबह 11 बजे गुरुद्वारे में पाठ शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे पाठ समाप्त होने के बाद प्रशासन और सिख संगत के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर शुरू हुआ। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसपी उत्तरी संतोष कुमार भी गुरुद्वारे पहुंचे। अधिकारियों ने पहले मत्था टेका और फिर कमेटी के सदस्यों तथा संगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। करीब पांच घंटे तक चली इस बातचीत में जमीन से लेकर मुआवजे और आरोपियों की गिरफ्तारी तक के मुद्दे उठे।

दो करोड़ मुआवजा, जमीन और गिरफ्तारी पर अड़ी रही कमेटी

बैठक में छह सदस्यीय कमेटी ने पीड़ित परिवार की ओर से अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। कमेटी में सुखदेव सिंह नामधारी, जोगेंद्र सिंह, इकबाल सिंह, राजिंदर सिंह, जसवीर सिंह उप्पल और रवि मल्होत्रा शामिल रहे। बातचीत के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कमेटी को दर्ज एफआईआर की प्रति भी सौंपी।

कमेटी की प्रमुख मांगों में पूर्व कुलपति समेत सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा, विवादित 12 एकड़ कृषि भूमि मृतक के वारिसों के नाम दर्ज कराने और संबंधित सीओ को निलंबित करने की मांग शामिल थी।

संगत का कहना था कि, किसान की मौत के मामले में केवल मुकदमा दर्ज कर लेना पर्याप्त नहीं है। परिवार को जमीन पर उसका अधिकार वापस मिलना चाहिए और जिन लोगों पर उत्पीड़न के आरोप हैं, उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।

10 दिन में जमीन का मामला निपटाने का भरोसा

कई दौर की बातचीत के बाद प्रशासन ने विवादित 12 एकड़ जमीन मृतक भगवान सिंह के बच्चों और वारिसों के नाम कराने के लिए 10 दिन का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जमीन से जुड़े मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, संबंधित सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर प्रशासन ने कहा कि परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दो करोड़ रुपये मुआवजे की मांग शासन को भेजने का भी आश्वासन दिया गया।

प्रशासन के इन आश्वासनों के बाद कमेटी और सिख संगत ने अंतिम संस्कार पर सहमति जताई। इसके बाद अधिकारी पुलिस बल के साथ पचपेड़ा गांव पहुंचे। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे भगवान सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जमीन के विवाद में उलझा था परिवार, पूर्व कुलपति समेत पांच पर मुकदमा

पचपेड़ा गांव निवासी किसान भगवान सिंह ने 20 नवंबर को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद परिवार ने जमीन विवाद और कथित उत्पीड़न को इसकी वजह बताया। बेटे भाग सिंह की तहरीर पर बहेड़ी पुलिस ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और गोरखपुर विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी, अनुज कुमार और अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

भाग सिंह का आरोप है कि, उनके पिता ने वर्ष 1995 में कृषि भूमि खरीदी थी। परिवार लंबे समय से इस जमीन पर काबिज था और खेती कर रहा था। आरोप है कि, बाद में राजस्व अधिकारियों से कथित सांठगांठ कर एकतरफा आदेश कराया गया। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा करा लिया गया।

परिवार का कहना है कि, जमीन खाली करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था और धमकियां भी दी जा रही थीं। इससे भगवान सिंह मानसिक रूप से परेशान थे। इसी विवाद के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि, जमीन के दस्तावेजों, कथित अनियमितताओं और उत्पीड़न के आरोपों की पुलिस जांच अभी जारी है। नामजद आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

अंतिम संस्कार हुआ, लेकिन परिवार को न्याय मिलने का इंतजार

भगवान सिंह के अंतिम संस्कार के साथ दो दिनों से चला आ रहा गतिरोध भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन परिवार के सामने अब भी कई सवाल खड़े हैं। सबसे बड़ा सवाल 12 एकड़ जमीन का है, जिसे 10 दिन में वारिसों के नाम कराने का भरोसा दिया गया है।

इसके अलावा आरोपियों की गिरफ्तारी, दो करोड़ रुपये मुआवजे और संबंधित सीओ के खिलाफ जांच की मांग पर भी कार्रवाई होनी बाकी है। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार तो कर दिया, लेकिन अब इन वादों को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी प्रशासन की है।

भगवान सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके परिवार की लड़ाई उनकी जमीन और सम्मान के अधिकार को लेकर जारी है। 10 दिन बाद यह साफ होगा कि प्रशासन का आश्वासन पीड़ित परिवार को वास्तव में न्याय दिलाने की दिशा में कितना आगे बढ़ा।

विज्ञापनयहाँ आपका विज्ञापनउत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पाठकों तक पहुंचें

यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं

अपनी खबरें इस नंबर पर भेजें: 97629 19516किसी कार्यक्रम या घटना की खबर, फोटो और वीडियो हमें व्हाट्सऐप करें।

इससे जुड़ी खबरें

खबर भेजें