ऋषिकेश में गंगा में समाई हरियाणा नंबर की कार, गंगा आरती देखने गए थे श्रद्धालु, जल पुलिस ने निकाला बाहर
ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट की पार्किंग में खड़ी हरियाणा नंबर की कार अचानक ढलान पर लुढ़ककर गंगा नदी में जा गिरी। हादसे के समय श्रद्धालु गंगा आरती में शामिल होने गए थे।
ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां पार्किंग में खड़ी हरियाणा नंबर की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में जा पहुंची। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में हैंडब्रेक नहीं लगाए जाने या पार्किंग की ढलान के कारण वाहन अचानक लुढ़कने लगा और नदी में जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि कार में सवार परिजन उस समय त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती में शामिल होने गए हुए थे। इस वजह से वाहन में कोई नहीं था और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
गंगा आरती में शामिल होने गए थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से आए श्रद्धालुओं ने अपनी कार त्रिवेणी घाट की पार्किंग में खड़ी की थी। इसके बाद सभी लोग गंगा आरती में शामिल होने चले गए। इसी दौरान अचानक कार ढलान की ओर लुढ़कने लगी और घाट के किनारे पहुंचकर सीधे गंगा नदी में उतर गई। घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की मदद से गंगा से बाहर निकाली गई कार
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत की। संयुक्त प्रयासों के बाद कार को सुरक्षित गंगा नदी से बाहर निकाल लिया गया और दोबारा पार्किंग में खड़ा कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने आई।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






