बरेली में चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने किया हवन-पूजन
बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज बहेड़ी स्थित किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा के पेराई सत्र 2026-2027 का हवन-पूजन कर विधि विधान के साथ शुभारंभ किया.
बरेलीः जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज बहेड़ी स्थित किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा के पेराई सत्र 2026-2027 का हवन-पूजन कर विधि विधान के साथ शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर, नारियल फोड़कर तथा बैलों को गुड़ खिलाकर ईश्वर से सकुशल संचालन की कामना करते हुए पेराई सत्र का आरम्भ किया। जिलाधिकारी ने चीनी मिल में गन्ना लेकर पहुंचे किसानों का माला पहनाकर एवं शाल ओढ़ाकर स्वागत सत्कार किया।
जिलाधिकारी ने किया चीनी मिल का निरीक्षण
डीएम ने किया चीनी मिल का शुभारंभ
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने चीनी मिल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मिल परिसर में स्थापित वजन कांटा मशीन का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के गन्ने की तौल पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा मिल संचालन की व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं।
ये लोग रहे मौजूद
जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के दृष्टिगत चीनी मिल में आने वाले गन्ना किसानों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने तथा चीनी मिल के कर्मचारियों की स्व-गणना कराने के भी निर्देश दिए, ताकि अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर मा. बाल श्रम एवं किशोर सम्बन्धी केन्द्रीय सलाहकार बोर्ड के सदस्य भुजेंद्र गंगवार, उप जिलाधिकारी गोपाल शर्मा, जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी, चीनी मिली के जी.एम.शैलेन्द्र अस्थाना सहित गन्ना किसान उपस्थित रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







