यूपी विधान परिषद के नए प्रमुख सचिव बने रामानंद चंद, जानें वेतन और नियुक्ति की शर्तें
उत्तर प्रदेश विधान परिषद सचिवालय में रामानंद चंद को नया प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। सभापति की मंजूरी के बाद जारी आदेश के तहत उन्हें पे-मैट्रिक्स लेवल-15 में 1.82 लाख से 2.24 लाख रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए रामानंद चंद को सचिवालय का नया प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर सभापति ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर अंतिम मुहर लगाई। 16 नवंबर को जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, उन्हें पदभार संभालने के साथ ही नई जिम्मेदारी मिल जाएगी। इस पद के लिए उनका वेतनमान पे-मैट्रिक्स के लेवल-15 में निर्धारित किया गया है, जिसके तहत उन्हें 1,82,200 रुपये से 2,24,100 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
वेतन के साथ मिलेंगी सरकारी सुविधाएं
आदेश में वेतन निर्धारण को लेकर स्पष्ट किया गया है कि रामानंद चंद को मिलने वाले पारिश्रमिक में उनकी पूर्व सेवाओं से संबंधित पेंशन को समायोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्हें शासन के मौजूदा नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता और अन्य निर्धारित भत्ते एवं सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद जॉइनिंग की समयसीमा तय
नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रामानंद चंद को नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद 15 दिनों का समय दिया गया है। आदेश के अनुसार, उन्हें इस अवधि के अंदर सभी औपचारिकताएं पूरी कर विधान परिषद सचिवालय में प्रमुख सचिव के रूप में अपनी सेवाएं शुरू करनी होंगी।
जॉइनिंग से पहले पूरी करनी होंगी जरूरी औपचारिकताएं
नई नियुक्ति के तहत पद संभालने से पहले रामानंद चंद को चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ होने का प्रमाण देना होगा। इसके लिए उन्हें अधिकृत चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी फिटनेस सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होगा। साथ ही, संबंधित विभाग उनके पृष्ठभूमि और आचरण की जांच भी कराएगा। सत्यापन के दौरान किसी तरह की आपत्तिजनक जानकारी मिलने पर नियुक्ति से जुड़े नियमों के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।
केशव सिंह के हस्ताक्षर से जारी हुआ आधिकारिक आदेश
रामानंद चंद को प्रमुख सचिव बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधान परिषद सचिवालय ने औपचारिक नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश विशेष सचिव एवं वित्त नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार देख रहे केशव सिंह की ओर से जारी किया गया है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






