Bihar Crime: छठ के पकवान जूठा करने पर मां ने पीट-पीटकर ली 4 साल की बेटी की जान!
Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारी के दौरान पकवान जूठा करने पर मां ने कथित तौर पर अपनी चार वर्षीय बेटी सुहानी की पिटाई कर दी, जिससे बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बिहार: समस्तीपुर जिले में छठ के पकवान जूठा करने पर मां ने अपनी बेटी की पीट-पीट कर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. चलिए जानते हैं पूरा मामला..
क्या है पूरा मामला?
दरअसल पूरा मामला पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव का है. जहां पर मां रीना कुमारी ने अपनी चार साल की बेटी को इसलिए मार दिया क्योंकि वह छठ के लिए जो पकवान बनाई थी उस बच्ची ने खा लिया. इस बात की जानकारी मिलते ही मां रीना ने बेटी सुहानी की पिटाई कर दी. जिसके बाद से बच्ची की तबीयत बिगड़ गई. जहां खुद मां बच्ची को लेकर एक निजी नर्सिंग होम पहुंची जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या-12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है.
बच्ची के पिता ने क्या बताया?
बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि वह छठ पूजा के लिए घर के पास घाट बनाने गया था. इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के प्रसाद बना रही थी. इसी बीच सुहानी ने उस प्रसाद को जूठा कर दिया. इससे नाराज होकर रीना ने उसे इतना मारा की बच्ची की मौत हो गई. राजू पासवान ने आगे बताया कि उसकी तीन बच्चे हैं. इनमें सात साल की शिवानी, चार साल की सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा शामिल हैं. पिता ने आरोपी पत्नी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है.
पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर पूसा थाना पुलिस तुरंत गांव पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया साथ ही बच्ची के शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






