आईआईटी रुड़की पहुंचीं राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, बोलीं- अपने घर लौटने जैसा हुआ एहसास
आईआईटी रुड़की देश के उन प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल है, जो दशकों से देश के विकास और तकनीकी प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है।
रुड़की/बरेली: आईआईटी रुड़की देश के उन प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल है, जो दशकों से देश के विकास और तकनीकी प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है। राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार बुधवार को अपनी मातृ संस्था आईआईटी रुड़की पहुंचीं। मौका था संस्थान के 179वें स्थापना दिवस और आईआईटी के रूप में स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित विशेष समारोह का। इस दौरान संस्थान की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। अपने पुराने कैंपस में पहुंचकर श्रुति गंगवार भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि आईआईटी पहुंचकर ऐसा लगा, जैसे अपने घर और अपनों के बीच लौट आई हूं। समारोह में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर केके पंत ने प्रोफेसर प्रेम व्रत की मौजूदगी में श्रुति गंगवार को सम्मानित किया। इस दौरान कई पीढ़ियों के पूर्व छात्र एक मंच पर जुटे।
पति सुबोध सचान भी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार के पति सुबोध सचान भी उनके साथ मौजूद रहे। सुबोध सचान कॉर्पोरेट और टेक्नोलॉजी क्षेत्र से जुड़े पेशेवर हैं। वह सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) में निदेशक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। श्रुति गंगवार ने अपने सहपाठियों से मुलाकात की, पुराने दिनों की यादें ताजा कीं और विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
इन्फोसिस से राज्यसभा तक का सफर किया साझा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रुति गंगवार ने कहा कि आज वह यहां सांसद के रूप में नहीं, बल्कि एक पूर्व छात्रा के तौर पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की ने उन्हें केवल तकनीकी शिक्षा नहीं दी, बल्कि समस्याओं को समझने और उनका समाधान निकालने की सोच भी विकसित की। इसी आधार ने इन्फोसिस से लेकर उद्यमिता, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन की जिम्मेदारी, समाजसेवा और अब राज्यसभा तक के सफर में उनकी मदद की।
आईआईटी के लोगों ने जताई खुशी
मीडिया से बातचीत में श्रुति गंगवार ने बताया कि संस्थान पहुंचने पर कई लोगों से मुलाकात हुई। कुछ लोगों ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि आईआईटी से निकलकर कोई पूर्व छात्र सार्वजनिक जीवन और राजनीति के माध्यम से भी देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और भावुक अनुभव रहा।
ICED और TIDES का भी किया दौरा
अपने दौरे के दौरान श्रुति गंगवार ने इंटरनेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर डैम्स (ICED) का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बांधों की सुरक्षा पर शोध कर रहे एमटेक और पीएचडी के विद्यार्थियों से बातचीत की। इसके अलावा संस्थान के टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर TIDES का भी दौरा किया।
2047 के विकसित भारत को लेकर युवाओं को दिया संदेश
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए श्रुति गंगवार ने कहा कि वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 साल पूरे होंगे और उसी वर्ष आईआईटी रुड़की के 200 वर्ष भी पूरे होंगे। ऐसे में आज के विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है कि वे विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बैटरी, ग्रीन हाइड्रोजन, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संस्थान के आदर्श वाक्य 'श्रमं विना न किमपि साध्यम्' का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना परिश्रम के कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता। उनके पति सुबोध भी इस दौरान मौजूद रहे।
श्रुति गंगवार ने माई नेशन हिंदी से बातचीत के दौरान कहा - कि आईआईटी रुड़की उनके जीवन का अहम हिस्सा है। संस्थान ने उनकी सोच, व्यक्तित्व और मूल्यों को आकार दिया है। उन्होंने कहा कि एक बार आईआईटी रुड़की का हिस्सा बन जाने के बाद व्यक्ति हमेशा उसकी विरासत का हिस्सा बना रहता है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






