10 साल बाद 60 हजार परिषदीय शिक्षकों का होगा प्रमोशन, इस डेट तक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
यूपी के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के करीब 60 हजार शिक्षकों को 10 साल बाद पदोन्नति का लाभ मिलेगा। बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी BSA को 30 नवंबर तक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के करीब 60 हजार शिक्षकों को 10 के लंबे इंतजार के बाद पदोन्नति का लाभ मिलेगा। दरअसल, बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को 30 नवंबर तक प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दे दिए हैं। फिलहाल प्रदेश में सिर्फ श्रावस्ती जिले में यह प्रक्रिया पूरी हो सकी है।
2016 में हुई थी आखिरी पदोन्नति
परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की अंतिम पदोन्नति वर्ष 2016 में हुई थी। नियमानुसार, पांच साल की सेवा पूरी करने पर प्राथमिक स्कूल के सहायक अध्यापक को प्राथमिक स्कूल के हेड मास्टर या उच्च प्राथमिक स्कूल के सहायक अध्यापक के पद पर प्रोन्नति मिलती है। इसके बाद अगली पदोन्नति उच्च प्राथमिक स्कूल के हेड मास्टर पद पर होती है। पद रिक्त न होने की स्थिति में शिक्षकों को 10 साल में चयन वेतनमान और 22 साल में प्रोन्नत वेतनमान दिया जाता है। प्रदेश में करीब 3.15 लाख शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें से लगभग 60 हजार को इसका लाभ मिलेगा। प्राथमिक स्कूल में 150 और उच्च प्राथमिक में 100 छात्र होने पर हेड मास्टर का पद सृजित होता है।
शिक्षक दे चुके हैं धरना
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने सभी जिलों के बीएसए को समय पर प्रक्रिया पूरी करने और ऐसा न होने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गोंडा में देरी को लेकर शिक्षक धरना भी दे चुके हैं। पहले वरिष्ठता को लेकर मामला न्यायालय पहुंचा और फिर टीईटी की अनिवार्यता के कारण पदोन्नति अटकी रही। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने वरिष्ठता क्रमांक के आधार पर "पहले आओ, पहले पाओ" की तर्ज पर काउंसिलिंग कराने का अनुरोध किया है।
गोरखपुर में बीआरसी पर होगी काउंसिलिंग
गोरखपुर में अंतिम वरिष्ठता सूची की त्रुटियां दूर करने के लिए 25 से 29 नवंबर तक काउंसिलिंग होगी। यह पदोन्नति के लिए नहीं, बल्कि अंतिम सूची तैयार करने के लिए है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी के अनुसार, काउंसिलिंग जिला मुख्यालय के बजाय संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर होगी। शिक्षकों को नियुक्ति संबंधी अभिलेख, टीईटी प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। सत्यापन के बाद संशोधित विवरण के आधार पर अंतिम सूची जारी की जाएगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






