कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में लगाई डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी के प्रमुख तीर्थों में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। प्रयागराज में 10 लाख, काशी में आठ लाख और अयोध्या में पांच लाख भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई।
योगी सरकार में निखरते तीर्थस्थलों के बीच काशी से अयोध्या तक दिखी सनातन आस्था की भव्य छटा
प्रमुख तीर्थों पर भोर से उमड़ी भीड़, स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन और दान-पुण्य
लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। योगी सरकार में तीर्थस्थलों के विकास और धार्मिक पर्यटन को मिल रहे बढ़ावे के बीच प्रयागराज से नैमिषारण्य और काशी से अयोध्या तक लगभग 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। तड़के से ही गंगा और सरयू के घाटों पर भक्तों का रेला उमड़ने लगा। हर-हर गंगे और जय श्रीराम के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने स्नान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। घाटों पर उमड़ा जनसैलाब सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था का गवाह बना।
प्रयागराज में 10 और काशी में आठ लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थराज प्रयागराज में सबसे अधिक लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। भोर होते ही घाटों पर डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि की कामना की।
उधर, धर्मनगरी काशी में करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ घाटों पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। देव दीपावली की परंपरा से जुड़ी काशी में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
अयोध्या में पांच लाख श्रद्धालुओं ने किया सरयू स्नान
रामनगरी अयोध्या में लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई। सुबह होते ही सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्नान के बाद भक्तों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरी रामनगरी गूंज रही थी।
गढ़मुक्तेश्वर में तीन, डलमऊ और नैमिषारण्य में दो-दो लाख लोगों ने किया स्नान
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में पावन स्नान किया। इसी तरह रायबरेली के डलमऊ में करीब दो लाख भक्तों ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।
सीतापुर के पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य में भी लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। सभी तीर्थस्थलों पर सुबह से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार बना रहा।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








