मणिपुर के चंदेल में जहरीली शराब से 15 की मौत, 181 अस्पताल में भर्ती
मणिपुर के चंदेल जिले में कथित जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई और 181 का इलाज जारी है। मेथेनॉल पॉइजनिंग का मामला सामने आया है, सीएम खेमचंद युमनाम ने जांच के आदेश दिए।
इंफाल। मणिपुर के चंदेल जिले में शुक्रवार को एक बड़ी त्रासदी हो गई है। यहां जहरीली शराब ने कई परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि, मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। वहीं 181 लोग अस्पताल में भर्ती हो गये हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मरीजों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने लैम्फेलपट स्थित शिजा अस्पताल और सजीवा स्थित बबीना अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने एक्स पर लिखा कि डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में मरीजों की जांच और इलाज चल रहा है। उन्होंने दोनों अस्पतालों को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।
जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम जरूरी दवाओं के साथ चंदेल रवाना की गई है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि सरकार मामले की जांच कराएगी तथा दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
मेथेनॉल पॉइजनिंग का मामला
शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन खुंडोंगबाम ने बताया कि, जांच में यह मेथेनॉल पॉइजनिंग का मामला सामने आया है, जो मुख्य रूप से चकपिकारोंग इलाके से जुड़ा है। उनके मुताबिक, अस्पताल में अब तक 140 मरीज आ चुके हैं। इनमें से एक को मृत अवस्था में ही लाया गया था। तीन मरीजों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस चल रहा है।
डॉ. खुंडोंगबाम ने कहा कि, अस्पताल के सभी तैयार बेड भर चुके हैं, इसलिए राज्य स्वास्थ्य विभाग, RIMS और JNIMS से मदद मांगी गई है। कुछ मरीजों को दूसरे केंद्रों में भेजा जा रहा है, जबकि लाइफ सपोर्ट या हीमोडायलिसिस की जरूरत वाले गंभीर मरीजों को वहीं रखा गया है।
काकचिंग के सुगनू से खरीदी गई थी शराब
चंदेल के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, मृतकों ने जो शराब कथित तौर पर पी थी, वह काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। उन्होंने कहा कि चंदेल में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या कच्ची शराब के उत्पादन की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने आम लोगों को अगली सूचना तक स्थानीय स्तर पर बनी शराब का सेवन न करने की सलाह दी है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







