जलती कार में मिला 25 वर्षीय भारतीय युवक का शव, कनाडा पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में जलती कार के अंदर 25 वर्षीय भारतीय मूल के तुषार शर्मा के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच तेज कर दी है।
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंगली इलाके में जलती हुई कार के अंदर इंसानी अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में मृतक की पहचान भारतीय मूल के 25 वर्षीय तुषार शर्मा के रूप में हुई है, जो सरे शहर का निवासी था। पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 की रात रावलिसन क्रिसेंट इलाके में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को कार के अंदर इंसानी अवशेष मिले, जिसके बाद मामले को हत्या मानकर जांच शुरू कर दी गई।
बारीकी से पुलिस कर रही हैं जांच
पुलिस अब तुषार शर्मा की मौत से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांचकर्ताओं का फोकस यह जानने पर है कि वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। इसके लिए तुषार की आखिरी गतिविधियों, उसकी मुलाकातों और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार और करीबियों से पूछताछ कर रही जांच एजेंसी
पुलिस ने मृतक की पहचान 25 वर्षीय तुषार शर्मा के रूप में की है। शुरुआती जांच में उसके खिलाफ किसी आपराधिक गतिविधि का रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और कनाडा में उसका सामाजिक दायरा भी सीमित बताया जा रहा है। IHIT की अधिकारी सार्जेंट फ्रेडा फोंग के अनुसार, जांच टीम उसके परिवार, दोस्तों और विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों से संपर्क कर रही है, ताकि उसकी दिनचर्या और मौत से पहले की गतिविधियों से जुड़े सुराग मिल सकें।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






