गन्ना क्रय केंद्र बंद होने से किसानों में आक्रोश, किसान एकता संघ ने सौंपा ज्ञापन
दोहना बी गन्ना क्रय केंद्र चालू नहीं होने से नाराज किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिकारी ने जल्द तुलाई शुरू कराने का आश्वासन दिया।
बरेली। मीरगंज चीनी मिल के घंघौरा पिपरिया स्थित दोहना बी गन्ना क्रय केंद्र के सुचारू रूप से चालू नहीं होने पर किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। किसानों ने किसान एकता संघ के नेतृत्व में जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द गन्ने की तुलाई शुरू कराने की मांग की।किसान नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके गन्ने की फसल तैयार करते हैं, लेकिन क्रय केंद्र समय पर चालू नहीं होने से उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है। खेतों में गन्ना खड़ा रहने के कारण किसानों की अगली फसल की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि दोहना बी क्रय केंद्र पर तत्काल मजदूरों की व्यवस्था कराकर गन्ने की तुलाई शुरू कराई जाए। साथ ही किसानों को हो रही परेशानियों का जल्द समाधान किया जाए। इस पर जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए क्रय केंद्र जल्द चालू कराने और तुलाई शुरू कराने का आश्वासन दिया। वहीं, किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द तुलाई शुरू नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष बोहरन सिंह गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, मंडल महासचिव डॉ. अंशु भारती, मंडल सचिव डॉ. खेतल सिंह, जिला अध्यक्ष सोरन सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक और जिला सचिव घनश्याम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






