दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना? वापसी की अटकलों पर रहमान सरकार ने दिया बड़ा बयान
बांग्लादेश सरकार ने वापसी की खबरों को बताया सियासी ड्रामा, भारत से फिर की प्रत्यर्पण की मांग, हसीना के वकीलों ने नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन किया।
नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में स्वदेश लौटने की अटकलों के बीच वहां की सरकार ने बड़ा बयान दिया है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने उनकी वापसी से जुड़ी खबरों को सियासी ड्रामा करार देते हुए कहा कि हसीना को नए यात्रा दस्तावेज देने के बजाय भारत को उन्हें बांग्लादेश के हवाले करना चाहिए। उन्होंने इसके लिए दोनों देशों के बीच लागू प्रत्यर्पण संधि का हवाला दिया।
दरअसल, शेख हसीना के वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास को पत्र लिखकर उनके लिए नया पासपोर्ट और नेशनल आइडेंटिटी कार्ड जारी करने की मांग की है। इस घटनाक्रम को दिसंबर में उनकी संभावित स्वदेश वापसी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद हसीना की ओर से दूतावास से किया गया यह पहला आधिकारिक संपर्क बताया जा रहा है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि सरकार चाहती है कि भारत शेख हसीना को वापस सौंपे। उन्होंने उन्हें फरार बताते हुए कहा कि उनकी वापसी के लिए नए यात्रा दस्तावेजों की जरूरत नहीं है, बल्कि प्रत्यर्पण संधि के तहत उन्हें बांग्लादेश लाया जाना चाहिए।
अगस्त 2024 में छोड़ना पड़ा था देश
शेख हसीना को अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए व्यापक छात्र आंदोलन और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। कई हफ्तों तक चले आंदोलन ने बाद में बड़े विद्रोह का रूप ले लिया, जिसके बाद हसीना देश छोड़कर भारत आ गई थीं। उनके जाने के साथ ही बांग्लादेश में उनके दो दशक से अधिक लंबे राजनीतिक शासन का अंत हो गया।
मौत की सजा के बाद बढ़ीं कानूनी मुश्किलें
बांग्लादेश लौटने की राह में शेख हसीना के सामने गंभीर कानूनी चुनौतियां हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई घातक कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, शेख हसीना भारत में रहते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करती रही हैं। उनका कहना है कि यदि वह बांग्लादेश लौटती हैं तो अदालत के सामने आत्मसमर्पण करेंगी।
अवामी लीग पर भी लगा प्रतिबंध
शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। बांग्लादेश में पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पार्टी के कई नेता और समर्थक गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि कुछ देश छोड़कर भारत समेत दूसरे देशों में रह रहे हैं। ऐसे में नए पासपोर्ट और पहचान पत्र की मांग के बाद शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, बांग्लादेश सरकार के ताजा बयान से साफ है कि वह उनकी वापसी को प्रत्यर्पण के जरिए सुनिश्चित करना चाहती है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






